गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में विकसित भारत युवा संसद का आयोजन, ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ पर विद्यार्थियों ने रखे विचार
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (03/11/2026): गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में विकसित भारत युवा संसद 2026-27 के अंतर्गत ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने इस व्यवस्था के पक्ष और विपक्ष में अपने विचार एवं तर्क प्रस्तुत किए। इस दौरान युवाओं ने चुनावी व्यवस्था के संवैधानिक, लोकतांत्रिक और व्यावहारिक पहलुओं पर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. सुशील कुमार, माय भारत गौतमबुद्धनगर के उप निदेशक शिवेंद्र सिंह और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. गौरव कुमार उपस्थित रहे।
मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने कहा कि युवा संसद का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक जिम्मेदारियों, नैतिक मूल्यों और जागरूक नागरिकता की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि युवा वर्तमान समय में भी सामाजिक बदलाव और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। वहीं, कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और व्यावहारिक ज्ञान के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक समझ विकसित करने में सहायक होते हैं।
प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए पांच सदस्यीय निर्णायक मंडल का गठन किया गया। इसमें गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की डॉ. रितिका जोशी और सृजना जायसवाल, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के डॉ. प्रीतीश कुमार, दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. पवन सिंह और अमर उजाला के ब्यूरो चीफ अतुल भारद्वाज शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय की समझ, तार्किक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और आत्मविश्वास के आधार पर किया।
इस अवसर पर माय भारत गौतमबुद्धनगर के उप निदेशक शिवेंद्र सिंह ने युवाओं को सुशासन और नीति निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने में युवा संसद की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. सुशील कुमार ने सभी अतिथियों, निर्णायकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। आयोजन को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना के सदस्यों ने सहयोग दिया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।