दीपावली से पहले नोएडा-ग्रेटर नोएडा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 360 किलो रसगुल्ले नष्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddha Nagar News (03/11/2026): दीपावली से पहले मिठाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में जांच अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर विभाग की अलग-अलग टीमों ने मिठाई निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान रसगुल्लों में मक्खी-मच्छर और गंदगी मिलने पर करीब 360 किलोग्राम मिठाई नष्ट कराई गई, जबकि 9 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए।

जांच के दौरान जोधपुरवाला की मिठाई निर्माणशाला से केसर चमचम और लड्डू के नमूने लिए गए। वहीं, ग्रेटर नोएडा के देवला गांव में सोनू पाल की रसगुल्ला निर्माण इकाई से दूध, छेना और रसगुल्लों के नमूने एकत्र किए गए। यहां लगभग 300 किलोग्राम रसगुल्लों में मक्खी-मच्छर पाए गए, जिसके बाद पूरी खेप नष्ट करा दी गई। इसके अलावा दादरी के तिलपता कर्णवास स्थित मुलायम सिंह की मिठाई निर्माणशाला से बूंदी के लड्डू और रसगुल्लों के नमूने लिए गए।

दूसरी ओर, दनकौर के गढ़ी बावन बीघा स्थित कृष्णा स्वीट भंडार में भी जांच के दौरान करीब 60 किलोग्राम छेना रसगुल्ले दूषित पाए गए। इनमें मक्खी-मच्छर मिलने पर विभाग ने उन्हें भी नष्ट करा दिया। यहां से छेना रसगुल्ले और डोडा बर्फी के नमूने लिए गए। इस तरह देवला और दनकौर में कुल 360 किलोग्राम रसगुल्ले नष्ट कराए गए।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि मिठाई कारोबारियों को लाइसेंसधारी या पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदने और बिल सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही निर्माण तिथि और बैच नंबर की जांच करने को कहा गया है। खाद्य पदार्थों के नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दीपावली तक जिले में जांच अभियान जारी रहेगा, ताकि बाजार में दूषित और असुरक्षित मिठाइयों की बिक्री पर रोक लगाई जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।