दिल्ली में प्रदर्शन के लिए तय हों अलग स्थान, कारोबार प्रभावित होने पर CAIT ने LG को लिखा पत्र
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (02 November 2026): दिल्ली में लगातार हो रहे धरना-प्रदर्शनों और राजनीतिक गतिविधियों के कारण व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होने पर Confederation of All India Traders (CAIT) ने दिल्ली के Lieutenant Governor तरनजीत सिंह संधू को पत्र लिखकर प्रदर्शन और राजनीतिक धरनों के लिए दिल्ली के बाहरी इलाकों में निर्धारित स्थान अधिसूचित करने की मांग की है।
CAIT के अनुसार, दिल्ली में प्रतिदिन लगभग 2,200 करोड़ रुपये का कारोबार होता है। पिछले एक महीने के दौरान करीब 14 दिन सामान्य व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। दिल्ली देश के प्रमुख व्यापारिक एवं वितरण केंद्रों में शामिल है, जहां प्रतिदिन विभिन्न राज्यों से लाखों व्यापारी खरीदारी और कारोबार के सिलसिले में पहुंचते हैं। लेकिन लगातार प्रदर्शनों, यातायात बाधाओं और असामान्य परिस्थितियों के चलते बड़ी संख्या में व्यापारी दिल्ली नहीं पहुंच पा रहे हैं।
संगठन का कहना है कि इसका सीधा असर थोक बाजारों, खुदरा दुकानों, छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी कारोबारियों, परिवहन सेवाओं और होटल व्यवसाय पर पड़ा है। CAIT ने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति और संगठन को शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन इसके नाम पर लाखों व्यापारियों के कारोबार और आजीविका को प्रभावित करना उचित नहीं है। संविधान व्यापार और रोजगार के अधिकारों की भी गारंटी देता है।
CAIT के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया ने कहा कि दिल्ली का व्यापारी वर्ग मौजूदा परिस्थितियों को लेकर चिंतित और नाराज है। इस मुद्दे पर दीपावली के बाद दिल्ली के प्रमुख व्यापारिक संगठनों और व्यापारिक नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें स्थिति की विस्तृत समीक्षा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि त्योहारों के शेष दिनों में व्यापारियों को बिना किसी बाधा, भय और यातायात अवरोध के कारोबार करने का अवसर मिलेगा तथा बाजारों में सामान्य व्यावसायिक गतिविधियां जारी रहेंगी।
CAIT ने उपराज्यपाल से मांग की है कि भविष्य में राजनीतिक धरनों, रैलियों और प्रदर्शनों के लिए दिल्ली के बाहरी क्षेत्रों में निर्धारित स्थल तय किए जाएं, ताकि प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों और आम नागरिकों की आवाजाही प्रभावित न हो।
बी.सी. भरतिया ने कहा कि विरोध प्रदर्शन का अधिकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है, लेकिन किसी दूसरे के विरोध के कारण लाखों लोगों की आजीविका छीनना स्वीकार्य नहीं हो सकता। दिल्ली के व्यापार, अर्थव्यवस्था और लाखों परिवारों की आजीविका की सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।