दिल्ली-NCR में चक्रवात ‘अर्नब’ का असर, 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (28 October 2026): दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से राजधानी और आसपास के इलाकों में 29 और 30 अक्टूबर को तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक, इस दौरान गरज-चमक और बिजली कड़कने की स्थिति भी बन सकती है। मौसम में बदलाव से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को बढ़ती ठंड का एहसास होगा।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को दिल्ली में आसमान पर हल्के बादल छाए रहेंगे। दिन के समय अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह उत्तर-पूर्व दिशा से 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। पिछले दो से तीन दिनों में राजधानी के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को दिल्ली का औसत न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम था। वहीं, पूसा में न्यूनतम तापमान 14.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

29 और 30 अक्टूबर को मौसम में ज्यादा बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान दिल्ली-एनसीआर में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान है। गरज-चमक के साथ बिजली कड़कने की भी संभावना जताई गई है। मौसम में इस बदलाव के चलते अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है। ऐसे में राजधानी के लोगों को गर्मी से राहत मिलने के साथ सुबह और रात के समय ठंड का असर अधिक महसूस हो सकता है।

दूसरी ओर, दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण भी चिंता का विषय बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 227 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। एनसीआर के शहरों में फरीदाबाद का AQI 188, गुरुग्राम का 193, गाजियाबाद का 185, ग्रेटर नोएडा का 192 और नोएडा का 189 रहा। राजधानी के अधिकांश इलाकों में AQI 200 के आसपास या उससे ऊपर दर्ज किया गया। ऐसे में बारिश और तेज हवाओं से मौसम में बदलाव के बीच दिल्लीवासियों की नजरें प्रदूषण के स्तर पर भी रहेंगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।