ग्रेटर नोएडा में बनेगा देश का अत्याधुनिक प्रगति रोबोटिक्स पार्क, 1 लाख से अधिक रोजगार सृजित होने का अनुमान

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Greater Noida News (27 October 2026): उत्तर प्रदेश में रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में निवेश, अनुसंधान और स्वदेशी विनिर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में ग्रेटर नोएडा में ‘प्लेटफॉर्म फॉर रोबोटिक्स एंड एआई ग्रोथ थ्रू टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन’ (PRAGATI) रोबोटिक्स पार्क की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। लगभग 69.52 एकड़ भूमि पर विकसित होने वाले इस पार्क से पूर्ण विस्तार पर एक लाख से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने और प्रदेश की अर्थव्यवस्था में सालाना करीब 2,000 करोड़ रुपये के सकल मूल्यवर्धन का अनुमान है।

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य प्रदेश में स्वदेशी रोबोटिक्स विनिर्माण को प्रोत्साहित करना, एआई आधारित तकनीकों के विकास को गति देना और रोबोटिक्स क्षेत्र में निवेश एवं अनुसंधान के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना है। पार्क में रोबोटिक्स कंपनियों, तकनीकी स्टार्टअप, अनुसंधान संस्थानों और औद्योगिक इकाइयों को एकीकृत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

दो जोन में विकसित होगा रोबोटिक्स पार्क

प्रगति रोबोटिक्स पार्क को दो जोन में विकसित करने की योजना है। पहले जोन के लिए आठ एकड़ भूमि निर्धारित की गई है, जिसका विकास और संचालन सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत गठित विशेष प्रयोजन कंपनी (एसपीवी) के माध्यम से किया जाएगा। इसमें ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की 26 प्रतिशत और चयनित औद्योगिक साझेदार की 74 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी होगी।

वहीं, दूसरे जोन के लिए 61.52 एकड़ भूमि आरक्षित की जाएगी। इस क्षेत्र में निजी उद्यमों द्वारा निवेश कर औद्योगिक इकाइयों और संबंधित गतिविधियों का विकास किया जाएगा। इस जोन के विकास के लिए राज्य सरकार पर कोई पूंजीगत दायित्व नहीं होगा।

जोन-1 के विकास के लिए 147.3 करोड़ रुपये की वित्तीय व्यवस्था

जोन-1 के विकास के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण 21.1 करोड़ रुपये का इक्विटी अंशदान करेगा। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार की ओर से 30 वर्षों के लिए 126.2 करोड़ रुपये का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। आठ एकड़ भूमि के लीज प्रीमियम की निर्धारित व्यवस्था के तहत आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के माध्यम से प्राधिकरण को प्रतिपूर्ति की जाएगी।

दूसरे जोन में भूमि आवंटन विकास शुल्क से प्राप्त राजस्व का पांच प्रतिशत सेवा शुल्क एसपीवी को दिया जाएगा। इस पर लागू जीएसटी भी देय होगा।

औद्योगिक साझेदार का चयन गुणवत्ता-आधारित चयन प्रक्रिया (क्यूबीएस) के जरिए किया जाएगा। इसके बाद एसपीवी का पंजीकरण, भूमि आवंटन, पट्टा विलेख और निर्माण संबंधी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। एसपीवी के पंजीकरण से 36 महीने के भीतर पहले जोन का वाणिज्यिक संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। आवश्यकता पड़ने पर इस अवधि को अधिकतम 48 महीने तक बढ़ाया जा सकेगा।

एक परिसर में मिलेंगी एआई और रोबोटिक्स की आधुनिक सुविधाएं

इस पार्क में रोबोटिक्स परीक्षण एवं प्रमाणन केंद्र, रैपिड प्रोटोटाइपिंग, एआई कंप्यूटिंग अवसंरचना, मोशन कैप्चर और डेटा प्रयोगशालाओं जैसी साझा सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे स्टार्टअप और उद्यमियों को किफायती दरों पर अत्याधुनिक परीक्षण, प्रोटोटाइप निर्माण और जीपीयू आधारित कंप्यूटिंग संसाधनों का लाभ मिल सकेगा।

इसके अलावा, रोबोटिक्स उत्पादों को वैश्विक मानकों के अनुरूप तैयार करने और सीई/यूएल प्रमाणन संबंधी क्षमताओं को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी। इन सुविधाओं से नए उत्पादों के विकास, तकनीकी प्रयोगों और नवाचार आधारित उद्यमों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

स्वदेशी विनिर्माण को बढ़ावा, युवाओं के लिए खुलेंगे अवसर

रोबोटिक्स और एआई का इस्तेमाल विनिर्माण, स्वास्थ्य सेवाओं, लॉजिस्टिक्स और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में ग्रेटर नोएडा में इस पार्क की स्थापना से प्रदेश में स्वदेशी तकनीक विकसित करने और घरेलू विनिर्माण क्षमता को मजबूत करने के अवसर बढ़ेंगे। इससे आयात पर निर्भरता कम करने और भारतीय कंपनियों को वैश्विक बाजार के अनुरूप उत्पाद विकसित करने में मदद मिल सकती है।

परियोजना से युवाओं और कुशल तकनीकी कार्यबल के लिए रोबोटिक्स, एआई, प्रोटोटाइपिंग, परीक्षण और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में कौशल विकास एवं रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। सरकार के अनुमान के मुताबिक, पार्क और उससे जुड़ी औद्योगिक इकाइयों, स्टार्टअप तथा संबंधित मूल्य श्रृंखला के विस्तार से पूर्ण क्षमता पर एक लाख से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित हो सकते हैं।

करीब 2,000 करोड़ रुपये के संभावित वार्षिक सकल मूल्यवर्धन के साथ प्रगति रोबोटिक्स पार्क उत्तर प्रदेश में तकनीक आधारित औद्योगिक विकास, निवेश आकर्षण और नवाचार को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण परियोजना साबित हो सकता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।