Jewar News (25/10/2026): किसानों की मांगों को लेकर किसान एकता संघ ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो नवंबर के दूसरे सप्ताह में यमुना प्राधिकरण पर तालाबंदी की जाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने की बात कही गई है।
रविवार को जेवर क्षेत्र के दनकौर में किसान एकता संघ की बैठक आयोजित हुई। बैठक में यमुना प्राधिकरण पर किए गए किसान आंदोलन की समीक्षा की गई और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता जोरा भाटी ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष पप्पे नागर ने किया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान ने बताया कि 29 अक्टूबर को पुलिस की ओर से यमुना प्राधिकरण में किसानों के साथ बातचीत कराने का भरोसा दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस बातचीत के परिणाम के आधार पर आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी। मांगें पूरी नहीं होने पर नवंबर के दूसरे सप्ताह में प्राधिकरण पर तालाबंदी की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि करीब चार हजार किसान जेल जाने के लिए भी तैयार हैं।
किसान एकता संघ की प्रमुख मांगों में किसानों को 10 प्रतिशत आबादी के प्लॉट देना, आबादी से जुड़े मामलों का निपटारा करना और 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून के तहत मिलने वाले लाभ उपलब्ध कराना शामिल है। संगठन का कहना है कि इन मांगों का समाधान होने तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा।
बैठक में चौधरी बाली सिंह, देशराज नागर सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। अब किसानों की नजर 29 अक्टूबर को प्रस्तावित बातचीत पर है, जिसके बाद आंदोलन को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।