GNIOT कॉलेज में युवा संवाद और ‘मन की बात’ कार्यक्रम आयोजित
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (26/10/2026): ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित जीएनआईओटी (GNIOT) कॉलेज में शक्ति केंद्र शारदा नॉलेज पार्क के बूथ संख्या 725 पर युवा संवाद एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें युवाओं को स्वदेशी उत्पाद अपनाने, आत्मनिर्भर भारत, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दादरी विधायक तेजपाल नागर, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शिक्षक और बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।
युवाओं की भूमिका और स्वदेशी पर जोर
नीरज सिंह ने कहा कि ‘मन की बात’ जनसंवाद का ऐसा माध्यम है, जिसके जरिए देश के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले नागरिकों की उपलब्धियों को पहचान मिलती है। उन्होंने कहा कि आज युवा केवल रोजगार पाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्टार्टअप, तकनीक और नवाचार के माध्यम से रोजगार देने तथा देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान से जुड़ने की अपील की। उनके अनुसार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने से कारीगरों, छोटे व्यापारियों, उद्यमियों और श्रमिकों को आर्थिक मजबूती मिलती है।
रन फॉर यूनिटी में भाग लेने का आह्वान
नीरज सिंह ने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित होने वाली ‘रन फॉर यूनिटी’ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण के प्रयासों में योगदान देने और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया।
बूथ स्तर पर जनसंपर्क मजबूत करने पर जोर
भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने और स्वच्छता, स्वदेशी, आत्मनिर्भरता तथा विकसित भारत से जुड़े संदेशों को लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित युवाओं और कार्यकर्ताओं ने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने, सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया। साथ ही ‘रन फॉर यूनिटी’ में अधिक से अधिक युवाओं और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में निर्मल तंवर, शिवांग श्रीवास्तव, कर्मवीर आर्य, इन्द्र नागर, रवि जिंदल, राजकुमार नागर, राज नागर, चेतन वशिष्ठ, बालेश्वर नागर, बृजेश ठाकुर, अखिलेश नागर, उमेश भाटी और संजीव शर्मा सहित सैकड़ों युवाओं एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।