दिल्ली के Harsh Vihar में भरभराकर गिरी इमारत, मलबे में फंसी सांसे
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (25 October 2026): राजधानी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में रविवार शाम एक पुरानी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मलबे में दो मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, स्थानीय पुलिस, NDRF और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली फायर सर्विस को शाम करीब 6:45 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की पांच गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इमारत काफी पुरानी और एक मंजिला थी। यहां पिछले कुछ दिनों से पहली मंजिल के निर्माण का काम चल रहा था।
बताया जा रहा है कि रविवार को ही निर्माणाधीन मंजिल का लेंटर डाला गया था। काम शाम करीब 5 बजे तक चला था। इसके बाद ज्यादातर मजदूर वहां से जा चुके थे। हालांकि, मकान मालिक कुलविंदर तंवर ने आशंका जताई कि हादसे के समय भूतल पर दो मजदूर मौजूद थे, जो मलबे में दबे हो सकते हैं।
ADCP संदीप लांबा ने क्या बताया?
ADCP संदीप लांबा के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे पुलिस को इमारत गिरने की सूचना मिली। मौके पर NDRF, स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और सिविल डिफेंस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। स्थानीय लोगों ने भी मलबा हटाने में मदद की है। हालांकि, अधिकारियों के अनुसार, अभी तक किसी व्यक्ति के मलबे से निकाले जाने की पुष्टि नहीं हुई है। कुछ लोगों के दबे होने की आशंका है, लेकिन इसकी पुष्टि होना बाकी है।
निर्माण के दौरान हुआ हादसा
मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि इमारत लंबे समय से खाली पड़ी थी और उसमें कोई नहीं रह रहा था। पिछले कुछ दिनों से पुराने भूतल के ऊपर एक और मंजिल बनाने का काम चल रहा था। रविवार को लेंटर डालने के बाद शाम को इमारत ढह गई।
फिलहाल बचाव दल मलबे को हटाकर संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं। हादसे में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।