New Delhi News (24/10/2026): दिल्ली के शाहदरा स्थित कृष्णा नगर इलाके के एक सरकारी स्कूल में शनिवार को 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली करीब 18 वर्षीय छात्रा की जली हुई हालत में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह स्कूल परिसर में आग लगने की सूचना मिलने के बाद पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। इसके बाद कृष्णा नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां स्कूल के गार्ड रूम के पीछे छात्रा का शव जली हुई अवस्था में मिला। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। मामले की सूचना मिलते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच के दौरान घटनास्थल और छात्रा के स्कूल बैग से कुछ चीजें बरामद की गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मौके से तीन पन्नों का एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, हालांकि उसमें क्या लिखा है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और छात्रा की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आवश्यक पूछताछ की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग किन परिस्थितियों में लगी और इसके लिए किस चीज का इस्तेमाल किया गया था।
घटना के संबंध में फायर ऑफिसर अनूप सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर दमकल की एक गाड़ी स्कूल परिसर में भेजी गई थी। उनकी टीम को स्कूल के अंदर पानी की टंकी के पीछे छात्रा जली हुई हालत में मिली। उन्होंने कहा कि छात्रा 12वीं कक्षा में पढ़ती थी, लेकिन उसकी सही उम्र की पुष्टि नहीं हो सकी थी। दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने के कारणों और उसमें इस्तेमाल की गई सामग्री के बारे में तत्काल स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई थी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के परिजन स्कूल पहुंचे और वहां हंगामा किया। भाजपा विधायक अनिल गोयल ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच पुलिस, स्थानीय प्रशासन और एसडीएम कार्यालय के अधिकारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और छात्रा की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट होना बाकी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।