दिल्ली में SIR के खिलाफ चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर मार्च, ट्रैफिक डायवर्जन लागू
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (23 October 2026): दिल्ली में शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ विरोध मार्च निकाला गया। People Against SIR के दिल्ली समन्वय समिति के आह्वान पर शुरू हुआ यह मार्च चुनाव आयोग (Election Commission of India) के मुख्यालय की ओर बढ़ा। प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची से कथित तौर पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने के विरोध में अपनी आवाज उठाई। मार्च की शुरुआत गोल डाकखाना के पास कालीबाड़ी मार्ग और भाई वीर सिंह मार्ग के चौराहे से हुई। इस प्रदर्शन में दिल्ली के अलावा हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आए कार्यकर्ताओं ने भी हिस्सा लिया।
बंगला साहिब के आसपास भारी सुरक्षा, पुलिस और RAF तैनात
मार्च को देखते हुए मध्य दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। बंगला साहिब गुरुद्वारे के आसपास दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवानों को बड़ी संख्या में तैनात किया गया। क्रांतिकारी युवा संगठन (KYS) और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने भी प्रदर्शन को समर्थन दिया। आयोजकों ने किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों से राष्ट्रीय ध्वज के साथ मार्च में शामिल होने की अपील की। आयोजकों का कहना है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से किया जाएगा।
पुलिस रोकेगी तो वहीं होगी ‘जन संसद’
प्रदर्शन के आयोजकों ने घोषणा की कि यदि पुलिस मार्च को किसी स्थान पर रोकती है, तो वहां ‘जन संसद’ आयोजित की जाएगी। इसके बाद प्रस्ताव पारित किए जाएंगे और राष्ट्रगान गाया जाएगा। वहीं, SFI ने शुक्रवार को मध्य दिल्ली और जिला मुख्यालयों पर भी एकजुटता प्रदर्शन का आह्वान किया। मार्च का प्रमुख मुद्दा मतदाता सूची से कथित नाम हटाए जाने और SIR प्रक्रिया को लेकर आपत्ति जताना है। प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों को देखते हुए मध्य दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।

दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन
मार्च के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों में दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए। बंगला साहिब गुरुद्वारा, कनॉट प्लेस (Connaught Place), संसद मार्ग (Parliament Street) और जंतर-मंतर (Jantar Mantar) के आसपास जाम और देरी की आशंका जताई गई। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को प्रभावित इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने, अपनी यात्रा पहले से निर्धारित करने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी। वाहन चालकों से यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने और गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने की अपील भी की गई।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।