New Delhi News (23 October 2026): दिल्ली की जामिया मिल्लिया इस्लामिया (Jamia Millia Islamia) यूनिवर्सिटी में दीवारों पर विवादित नारे लिखे जाने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, परिसर की दीवारों पर ‘फ्री कश्मीर’ और जेल में बंद छात्र कार्यकर्ता शरजील इमाम (Sharjeel Imam) की रिहाई की मांग से जुड़े संदेश लिखे गए हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और विश्वविद्यालय के कुलपति (VC) के खिलाफ भी नारे लिखे जाने की बात सामने आई है। दीवारों पर लिखे इन संदेशों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है और मामले में कार्रवाई की मांग उठने लगी है।
शरजील इमाम के समर्थन में संदेश, सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल
रिपोर्ट के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसर की दीवारों पर कश्मीर की आजादी से जुड़े नारे लिखे गए हैं। कुछ संदेशों में शरजील इमाम की रिहाई की मांग की गई है, जबकि उसके नाम के साथ दिल का निशान बनाकर समर्थन भी जाहिर किया गया है। सोशल मीडिया पर इन नारों और अन्य संदेशों की तस्वीरें भी प्रसारित हो रही हैं। शरजील इमाम उत्तर-पूर्वी दिल्ली में वर्ष 2020 में हुए दंगों से जुड़े मामले में आरोपी है और लंबे समय से जेल में बंद है। पुलिस ने उसे दंगों की कथित साजिश से जुड़े आरोपों में शामिल बताया है। हालांकि, दीवारों पर नारे लिखने वालों की पहचान को लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
ABVP ने जताई आपत्ति, कार्रवाई की मांग
दीवारों पर लिखे गए नारों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने कड़ी आपत्ति जताई है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। विवादित संदेशों में RSS और ABVP के खिलाफ लिखी गई बातों को लेकर भी विरोध सामने आया है। फिलहाल, इस मामले पर जामिया मिल्लिया इस्लामिया प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस को भी इस संबंध में शिकायत मिलने की जानकारी नहीं है। ऐसे में अब यह देखना होगा कि विश्वविद्यालय प्रशासन और संबंधित अधिकारी इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।
छात्र संघ बहाली की मांग के बीच सामने आया मामला
जामिया में यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब परिसर में छात्र संघ की बहाली और चुनाव की तारीख घोषित करने की मांग को लेकर प्रदर्शन जारी है। भूख हड़ताल कर रहे छात्रों को परिसर से हटाए जाने के बाद शनिवार को प्रदर्शनकारी एक बार फिर विश्वविद्यालय में दाखिल हो गए। गुरुवार को गालिब लॉन में छात्र संघ बहाली की मांग को लेकर आम सभा आयोजित की गई थी, जिसमें सैकड़ों छात्रों ने हिस्सा लिया। नवगठित संगठन ‘यूनाइटेड स्टूडेंट्स ऑफ जामिया’ (United Students of Jamia) के मुताबिक, बैठक का उद्देश्य भूख हड़ताल और धरने को समर्थन देना तथा विश्वविद्यालय प्रशासन पर छात्र संघ चुनाव की तारीख घोषित करने के लिए दबाव बनाना था। वर्ष 2006 में छात्र संघ भंग किए जाने के बाद से उसकी बहाली की मांग को लेकर छात्र लगातार आवाज उठा रहे हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।