दिल्ली में प्रदूषण से जंग: मेट्रो चलाएगी 20 अतिरिक्त फेरे, GRAP-I लागू होते ही DMRC अलर्ट
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (21 October 2026): दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। राजधानी में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP-I) लागू होने के बाद DMRC ने यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित करने और निर्माण स्थलों से उड़ने वाली धूल पर नियंत्रण के लिए कई कदम उठाने का फैसला किया है। इसके तहत 22 अक्टूबर से सप्ताह के कार्यदिवसों में दिल्ली मेट्रो नेटवर्क पर 20 अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे।
DMRC का उद्देश्य निजी वाहनों के बजाय अधिक से अधिक लोगों को मेट्रो से यात्रा करने के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने और प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिल सके। अतिरिक्त फेरे सोमवार से शुक्रवार तक संचालित किए जाएंगे।
निर्माण स्थलों पर धूल रोकने के लिए सख्त निगरानी
प्रदूषण नियंत्रण के लिए DMRC राजधानी में अपने निर्माण स्थलों और उनके आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान भी तेज करेगा। इन अभियानों के तहत निर्माण स्थलों पर धूल के स्तर को कम करने, आसपास की सड़कों से धूल हटाने और फुटपाथों व सड़क के डिवाइडरों से कचरा साफ करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
DMRC के इंजीनियर निर्माण स्थलों और आसपास की सड़कों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि निर्माण सामग्री उचित तरीके से ढकी हो और निर्माण स्थलों से बाहर निकलने वाले वाहनों के लिए बनाए गए व्हील-वॉश सिस्टम सुचारू रूप से काम कर रहे हों।
250 से अधिक एंटी-स्मॉग गन और मिस्ट गन तैनात
DMRC के मुताबिक, प्रदूषण से निपटने के लिए पहले से ही कई उपाय किए जा रहे हैं। मेट्रो निर्माण स्थलों, स्टेशनों और कार्यालय भवनों पर 250 से अधिक एंटी-स्मॉग गन और मिस्ट गन लगाई गई हैं, ताकि धूल के स्तर को कम करने में मदद मिल सके। इसके अलावा, DMRC का पर्यावरण विभाग प्रतिदिन निरीक्षण कर रहा है, जिससे पर्यावरण संबंधी निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
मेट्रो निर्माण के लिए ली गई 31 किलोमीटर सड़कों की मरम्मत
DMRC ने बताया कि मेट्रो निर्माण कार्यों को सुविधाजनक बनाने के लिए फिलहाल लगभग 31 किलोमीटर शहरी सड़कें अस्थायी रूप से उसके अधिकार क्षेत्र में हैं। इनमें से अधिकांश सड़कों की मरम्मत की जा चुकी है, ताकि सड़कों की खराब स्थिति के कारण धूल और प्रदूषण में और वृद्धि न हो।
DMRC के अनुसार, अतिरिक्त मेट्रो फेरे, निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण और नियमित निरीक्षण जैसे कदम राजधानी में प्रदूषण कम करने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।