PET 2026: गौतमबुद्धनगर में 32 परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा, नकल रोकने के लिए प्रशासन अलर्ट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Gautam Buddha Nagar News (21 October 2026): उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को लेकर गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनपद में 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को कुल 32 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सभागार में आयोजित बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक ऑफिसर और केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए गए कि उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने के निर्देश भी दिए गए।

CCTV कैमरों और मूलभूत सुविधाओं की होगी जांच

अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक ऑफिसर और केंद्र व्यवस्थापकों को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए और सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से काम करने चाहिए। किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर उसे परीक्षा से पहले तत्काल दूर कराया जाए।

परीक्षा केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर रहेगी नजर

नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कोई भी अभ्यर्थी प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश न कर सके। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन कराने को कहा गया है।

अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने उपस्थित सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक ऑफिसर और केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग से प्राप्त दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने परीक्षा को निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराने और आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के संबंध में प्रशिक्षण भी दिया।

बैठक में डिप्टी कलेक्टर अरुण कुमार, डॉ. पूर्वा शर्मा, प्रभारी जिला विकास अधिकारी नेहा सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल सहित सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक ऑफिसर, केंद्र व्यवस्थापक तथा जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।