टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा खुलासा! दिल्ली की दो महिलाओं का क्या कनेक्शन?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (21 October 2026): बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई में हुई फायरिंग के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस की नई दिल्ली रेंज ने यह कार्रवाई हथियारों की सप्लाई और आरोपियों के बीच संपर्क स्थापित करने में कथित भूमिका को लेकर की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुणाल (21), सुमित (19), राधा (23) और बबीता (23) के रूप में हुई है। कुणाल और सुमित हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं, जबकि राधा और बबीता उत्तर प्रदेश की निवासी हैं।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां महाराष्ट्र पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) की मुंबई टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ करने और औपचारिक रूप से गिरफ्तार करने की अनुमति मांगी। कोर्ट ने CID की अर्जी स्वीकार करते हुए चारों की गिरफ्तारी की अनुमति दी और उन्हें मुंबई ले जाने के लिए तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर की। जांच में कुणाल और सुमित पर कथित तौर पर हथियारों की व्यवस्था करने का आरोप है, जबकि राधा और बबीता पर हथियारों को मुंबई पहुंचाने और शूटरों तक पहुंचाने में भूमिका निभाने का संदेह है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, दोनों महिलाएं ट्रेन से मुंबई गई थीं, जहां उन्होंने एक व्यक्ति से संपर्क कर हथियार सौंपे थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की व्यवस्था किसने की, उन्हें एक जगह से दूसरी जगह तक कैसे पहुंचाया गया और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। इससे पहले इस मामले में तीन कथित शूटरों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें बाद में मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया। दिल्ली से चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या सात हो गई है।

बता दें कि 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर गोलीबारी की गई थी। घटना के दौरान अभिनेता सुरक्षित रहे। इस फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अनिल पंडित ने ली है, जो हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला बताया गया है। पुलिस अब हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क, शूटरों के संपर्क और उन्हें कथित तौर पर निर्देश देने वाले लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही मामले में संभावित गैंग कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है। चारों आरोपियों को मुंबई ले जाकर आगे की पूछताछ की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।