साइट-4 में 70 फीट ऊंचे रावण का दहन, कुंभकर्ण-मेघनाद के पुतले भी जले | श्री रामलीला कमेटी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (21/10/ 2026): बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय के प्रतीक दशहरा पर्व के अवसर पर ग्रेटर नोएडा के साइट-4 स्थित रामलीला मैदान में भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्री रामलीला कमेटी, ग्रेटर नोएडा के तत्वावधान में आयोजित विजय महोत्सव 2026 के दौरान भगवान श्रीराम की विजयगाथा का मंचन हुआ। इसके बाद रात 9 बजे 70 फीट ऊंचे रावण तथा 65-65 फीट ऊंचे कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। इस आयोजन ने उपस्थित लोगों को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ रामलीला मंचन के मुख्य प्रायोजक नॉर्थविंड के निदेशक राजीव जैन, मनोज गर्ग, शौर्य गर्ग, कीर्त गर्ग, आर्जव जैन और समयक जैन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा व्यक्त की। इसके पश्चात रामायण के विभिन्न महत्वपूर्ण प्रसंगों का मंचन शुरू हुआ।
मेघनाद, अहिरावण और रावण वध के मंचन ने बांधा समां
श्री रामलीला कमेटी के महासचिव विजेंद्र सिंह आर्य ने बताया कि दशहरे के अवसर पर आयोजित विशेष लीला में मेघनाद वध, सुलोचना विलाप, अहिरावण वध और रावण वध जैसे प्रमुख प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से रामायण की घटनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। मंच पर भगवान श्रीराम की वीरता, लक्ष्मण के पराक्रम और धर्म की स्थापना के प्रसंगों ने दर्शकों को भावविभोर किया।
लीला के दौरान भगवान श्रीराम की विजय और रावण के अंत का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसके बाद रात 9 बजे तीनों पुतलों का दहन किया गया। 70 फीट ऊंचे रावण और 65-65 फीट के कुंभकर्ण एवं मेघनाद के पुतलों के दहन के साथ ही दशहरा पर्व का मुख्य आयोजन संपन्न हुआ।

अहंकार और अधर्म का अंत निश्चित: मनोज गर्ग
कमेटी के कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग ने कहा कि दशहरा केवल रावण के पुतले के दहन का पर्व नहीं है, बल्कि यह जीवन में व्याप्त अहंकार, अन्याय और बुराइयों को समाप्त करने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने तथा समाज में सकारात्मक मूल्यों को अपनाने का संदेश देता है।
वहीं, संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल ने कहा कि रामलीला के मंचन के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, साहस, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि रावण दहन यह संदेश देता है कि अहंकार और अधर्म चाहे कितने भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः विजय सत्य की ही होती है।
सुरक्षा व्यवस्था के रहे पुख्ता इंतजाम
कमेटी के मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि रावण दहन कार्यक्रम को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। आयोजन स्थल पर पुलिस बल की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई। उन्होंने दशहरा महोत्सव में भाग लेने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

21 अक्टूबर को भरत मिलाप और श्रीराम राज्याभिषेक के साथ होगा समापन
श्री रामलीला कमेटी, ग्रेटर नोएडा द्वारा आयोजित विजय महोत्सव 2026 का समापन 21 अक्टूबर को किया जाएगा। महोत्सव के अंतिम दिन विभीषण के राजतिलक, भरत मिलाप, श्रीराम राज्याभिषेक, पुरस्कार वितरण और समापन समारोह का आयोजन प्रस्तावित है।
समापन दिवस पर भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने, भाई भरत से उनके भावपूर्ण मिलन और श्रीराम के राज्याभिषेक के प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। इसके साथ ही महोत्सव के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सरदार मनजीत सिंह, महासचिव विजेंद्र सिंह आर्य, कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग, संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल, मीडिया प्रभारी विनोद कसाना सहित ओमप्रकाश अग्रवाल, धर्मपाल भाटी, हरेंद्र भाटी, कुलदीप शर्मा, मुकेश शर्मा, केके शर्मा, मुकुल गोयल, सुभाष चंदेल, अमित गोयल, अतुल जिंदल, गिरीश जिंदल, श्यामवीर भाटी, मनोज यादव, अनिल कसाना, सुनील प्रधान, अनुज उपाध्याय, अतुल जैन, अरुण गुप्ता, अंकुर गर्ग, विशाल जैन, उमंग, दीपक, विकास आर्य, रिंकू आर्य, प्रमोद मास्टर सहित कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।