दिल्ली में महिला शिक्षकों के लिए पहली बार खास गरबा महोत्सव, परिवारों संग झूमीं टीचर्स
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (19 October 2026): नवरात्रि के रंग, गरबा की धुन और डांडिया की मस्ती… दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में रविवार को कुछ ऐसा ही उत्सवी माहौल देखने को मिला, जहां दिल्ली की महिला शिक्षकों ने अपने परिवारों के साथ गरबा-डांडिया महोत्सव में हिस्सा लिया। दिल्ली पर्यटन की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य महिला शिक्षकों के योगदान का सम्मान करना और उन्हें परिवार के साथ त्योहार मनाने का अवसर देना था।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा भी शामिल हुए। पारंपरिक गरबा-डांडिया, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। महिला शिक्षकों ने अपने परिवारों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया और नवरात्रि के पर्व का आनंद उठाया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में पहली बार महिला शिक्षकों के लिए विशेष गरबा महोत्सव आयोजित किया गया है। यह उन शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने का प्रयास है, जो अपने ज्ञान, संस्कार और समर्पण से आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवारती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने मां भगवती से सभी महिला शिक्षकों के जीवन में सुख, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि शिक्षकों का उत्साह और ऊर्जा इसी तरह बनी रहेगी और वे बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने के साथ विकसित दिल्ली के निर्माण में योगदान देती रहेंगी।
कार्यक्रम में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि शिक्षकों की भूमिका समाज और बच्चों के भविष्य को दिशा देने में बेहद महत्वपूर्ण है। वे आने वाली पीढ़ियों को तैयार करने के लिए लगातार मेहनत करती हैं, इसलिए उन्हें भी अपने परिवारों के साथ त्योहार मनाने और खुशियों के पल साझा करने का अवसर मिलना चाहिए।
दिल्ली पर्यटन की इस पहल के जरिए नवरात्रि की सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ महिला शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करने का प्रयास किया गया। आयोजन ने शिक्षकों को अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर परिवार के साथ उत्सव मनाने का अवसर दिया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।