नाबालिग बच्चे के अपहरण और तस्करी के आरोप में 7 गिरफ्तार, मुठभेड़ में 3 घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (18/10/2026): गौतमबुद्धनगर के थाना कासना पुलिस ने करीब छह वर्षीय बच्चे के अपहरण और तस्करी के मामले में कथित रूप से शामिल गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई कार और मोटरसाइकिल, कुल 2,22,800 रुपये नकद तथा तीन अवैध तमंचे, तीन खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को एक व्यक्ति ने थाना कासना में सूचना दी कि उनका लगभग छह वर्षीय बेटा 13 अक्टूबर को घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू की। 17 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध ग्राम डाढ़ा के पास कार में घूम रहे हैं और बच्चा चोरी की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डाढ़ा गोलचक्कर से ओमिक्रॉन-1ए जाने वाले रास्ते के पास चेकिंग शुरू की। इस दौरान एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन कार सवार भागने लगे। पीछा करने पर कार पेड़ से टकराकर रुक गई। पुलिस के मुताबिक, कार सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में गुरमीत सिंह, सुमित कुमार और अंकित कुमार घायल हो गए। इनके कब्जे से अवैध हथियार और नकदी बरामद हुई।

पुलिस ने घायल आरोपियों की निशानदेही पर विकास और नकुल को गिरफ्तार किया। इसके बाद उनकी निशानदेही पर कासना क्षेत्र की छह प्रतिशत आबादी में पुष्पा और कमलेश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों महिलाओं के कब्जे से अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद किया और 32,800 रुपये नकद बरामद किए। इस तरह मामले में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में पुलिस के अनुसार, अंकित और नकुल ने 13 अक्टूबर की शाम काशीराम अस्पताल के सामने पुस्ते से मोटरसाइकिल के जरिए बच्चे का अपहरण किया था। इसके बाद गुरमीत, सुमित और विकास के साथ मिलकर बच्चे को कार से गाजियाबाद ले जाया गया और एक कमरे में रखा गया। पुलिस का कहना है कि पुष्पा के कहने पर अपहरण की योजना बनाई गई थी, जबकि कमलेश पर बच्चे को खरीदने के बदले रुपये देने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के हिस्से की बताई गई कुल 2,22,800 रुपये की नकदी भी बरामद की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।