ग्रेटर नोएडा: कासना पुलिस ने अपहृत 6 वर्षीय बच्चे को सकुशल कराया मुक्त
टेन न्यूज नेटवर्क
टेन न्यूज नेटवर्क8
Greater Noida News (18/10/2026): ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र में छह वर्षीय बच्चे के अपहरण के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस मुठभेड़ में तीन आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, नकदी, वारदात में इस्तेमाल कार और मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को छह वर्षीय बच्चा घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। परिजनों की शिकायत पर 14 अक्टूबर को थाना कासना में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी।
17 अक्टूबर को पुलिस को ग्राम डाढ़ा गोलचक्कर के पास कुछ संदिग्ध लोगों के घूमने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार सवार भागने लगे। पीछा करने के दौरान कार पेड़ से टकरा गई। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गुरमीत सिंह, सुमित कुमार और अंकित कुमार पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस ने घायल आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। उनकी निशानदेही पर विकास और नकुल को भी गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पुष्पा और कमलेश नाम की दो महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया।
बच्चे को बेचने के लिए अपहरण करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बच्चे का अपहरण कर उसे बेचने की बात स्वीकार की। मामले में बच्चे के बदले कुल दो लाख रुपये मिलने और ढाई लाख रुपये बाद में मिलने की बात सामने आई है। पुलिस इस मामले में आरोपियों की भूमिका और कथित लेनदेन की जांच कर रही है।
अवैध हथियार, नकदी और वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, तीन खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, नकदी, एक औरा कार और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी में कार सवार आरोपियों के हिस्से के 1.50 लाख रुपये, विकास और नकुल से 20-20 हजार रुपये तथा पुष्पा के कब्जे से 32,800 रुपये शामिल हैं।
इस मामले में थाना कासना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार, बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया है और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।