ग्रेटर नोएडा वेस्ट: 21वीं मंजिल से गिरकर युवक की मौत, पत्नी के पहुंचने पर फ्लैट में मची हलचल
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (14/10/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सेंचुरियन पार्क ट्रॉपिकल गार्डन सोसाइटी में 21वीं मंजिल से गिरने के कारण एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान हर्षित लवानिया के रूप में हुई है। वह सोसाइटी के एक फ्लैट में किराये पर अकेले रह रहे थे। घटना के समय उनकी पत्नी भी उनसे मिलने फ्लैट पर पहुंची थीं। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।
पत्नी के फ्लैट पर पहुंचने के बाद हुई घटना
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम हर्षित की पत्नी उनसे मिलने फ्लैट पर पहुंचीं। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने बाहर से आवाज लगाई और बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद वह सोसाइटी के सुरक्षा गार्डों को बुलाकर ले आईं।
बताया जा रहा है कि दरवाजा खुलवाने की कोशिश के दौरान हर्षित बालकनी के रास्ते बाहर निकलने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान वह नीचे स्थित फ्लैट की ओर उतरकर बाहर जाने की कोशिश कर रहे थे। तभी उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़े। ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं। सोसाइटी के लोग उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
वर्ष 2024 में हुई थी शादी, छह महीने से अलग रह रहे थे दंपती
पुलिस के अनुसार, हर्षित की शादी वर्ष 2024 में हुई थी। पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था और दोनों पिछले करीब छह महीने से अलग-अलग रह रहे थे। हर्षित ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित फ्लैट में अकेले रहते थे और एक कंपनी में नौकरी करते थे।
परिजनों के मुताबिक, वैवाहिक विवाद के कारण हर्षित मानसिक तनाव में थे। हालांकि, घटना के समय वास्तव में क्या हुआ और वह फ्लैट से बाहर निकलने का प्रयास क्यों कर रहे थे, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पिता और परिजन मौके पर पहुंचे, पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलने के बाद हर्षित के पिता अमिताभ लवानिया और परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी के मुताबिक, युवक की पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है, ताकि घटना से पहले और उस दौरान हुई गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। सीसीटीवी फुटेज, पूछताछ और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।