दिवाली से पहले व्यापारियों को बड़ी राहत! UPI पर MDR का फैसला टला, CTI ने बताया एकता की जीत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (14 October 2026): दिवाली से पहले देशभर के व्यापारियों को राहत देते हुए NPCI ने UPI के जरिए व्यापारिक भुगतान पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लागू करने का फैसला दिवाली के बाद तक टाल दिया है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे व्यापारियों की एकजुटता और विरोध की जीत बताया है।

CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि दिवाली के दौरान दिल्ली में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होता है, जिसमें लगभग 80 प्रतिशत भुगतान UPI के माध्यम से किया जाता है। ऐसे में 15 अक्टूबर से 0.4 प्रतिशत MDR लागू होने पर त्योहारी सीजन में व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की आशंका थी। इससे ग्राहकों के बीच भी भुगतान को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती थी।

CTI ने चलाया था ‘No UPI Day’ अभियान

बृजेश गोयल के अनुसार, CTI सहित दिल्ली और देशभर के व्यापारी संगठन UPI पर MDR लागू करने के प्रस्ताव का विरोध कर रहे थे। इसी क्रम में 2 अक्टूबर को CTI ने ‘No UPI Day’ अभियान चलाया था, जिसमें हजारों व्यापारियों ने हिस्सा लेकर अपनी चिंता जाहिर की थी।

CTI ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और NPCI को पत्र लिखकर मांग की थी कि त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए MDR लागू करने के फैसले को दिवाली तक टाल दिया जाए, ताकि कारोबार पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।

दिवाली के बाद लागू करने की तारीख होगी घोषित

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, NPCI की UPI एंड सर्विसेज स्टीयरिंग कमेटी ने 13 अक्टूबर को निर्णय लिया कि पर्सन-टू-मर्चेंट (P2M) UPI लेनदेन पर MDR दिवाली के तुरंत बाद लागू किया जाएगा। इसकी तारीख अलग से घोषित की जाएगी।

बृजेश गोयल ने कहा कि यह फैसला दिल्ली के लगभग 20 लाख और देशभर के करोड़ों व्यापारियों के लिए राहत भरा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिवाली के दौरान व्यापारी बिना किसी अतिरिक्त शुल्क की चिंता के UPI के माध्यम से भुगतान स्वीकार कर सकेंगे। CTI ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि व्यापारियों की सामूहिक आवाज और समय पर उठाई गई मांग के कारण त्योहारी सीजन में उन्हें राहत मिली है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।