जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के मामले में CJP के सौरव दास और आशुतोष रांका 5 दिन की न्यायिक हिरासत में

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (14 October 2026): दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख प्रवक्ताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दोनों को मंगलवार सुबह जंतर-मंतर पर प्रदर्शन स्थल से जुड़े प्रतिबंधों के बावजूद बिना अनुमति प्रवेश करने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। बाद में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। बुधवार सुबह दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया। वहीं, इस मामले में हिरासत में लिए गए अजिंक्य शिंदे को रिहा कर दिया गया है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 14 सदस्य कथित तौर पर एक निजी परिसर से होकर जंतर-मंतर पहुंचे थे। पुलिस का कहना है कि जंतर-मंतर को निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाया जा चुका है और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों को सरकारी ड्यूटी करने से बाधित किया। इस मामले में कनॉट प्लेस थाने में FIR नंबर 289/26 और संसद मार्ग थाने में FIR नंबर 128/26 दर्ज की गई। पुलिस ने सभी 14 लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित मामलों में पाबंद भी किया।

कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कथित बार-बार की कोशिशों और सोशल मीडिया के जरिए अन्य लोगों को ऐसी गतिविधियों के लिए उकसाने की आशंका को ध्यान में रखते हुए सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई। तीनों को विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) के समक्ष पेश किया गया, जहां भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 और 170 के तहत कार्यवाही शुरू हुई। पुलिस के अनुसार, अदालत ने मामले के विवरण और दोबारा कानून उल्लंघन की आशंका को देखते हुए सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं, अजिंक्य शिंदे को छह महीने तक शांति और सदाचार बनाए रखने के लिए 5,000 रुपये के निजी मुचलके और जमानतदार पर पाबंद किया गया।

दरअसल, जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित किए जाने की स्थिति में बदलाव के बाद CJP के नेताओं ने वहां प्रदर्शन करने की कोशिश की थी। पार्टी के नेताओं की मांग थी कि उन्हें विरोध प्रदर्शन करने के लिए तारीख और अनुमति दी जाए। इससे पहले CJP ने दिल्ली पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम भी दिया था। पार्टी की कानूनी मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया था कि सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे को मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन में विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए जाने की संभावना है। इसके बाद तीनों के खिलाफ हुई कार्रवाई को लेकर राजनीतिक और कानूनी हलकों में चर्चा तेज हो गई।

CJP की कानूनी मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह ने दिल्ली पुलिस पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को करीब 24 घंटे तक वकीलों से मिलने नहीं दिया गया और शुरुआत में उन्हें हिरासत या गिरफ्तारी के आधार की जानकारी भी नहीं दी गई। रत्ना सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस ऊपर से मिले निर्देशों के अनुसार काम कर रही है और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों को निशाना बनाया जा रहा है। हालांकि, ये आरोप CJP की ओर से लगाए गए हैं। मामले में पुलिस का पक्ष और अदालत के विस्तृत आदेश सामने आने के बाद ही कार्रवाई से जुड़े सभी पहलुओं की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।

यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब दिल्ली में चुनाव आयोग, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मताधिकार के मुद्दे पर विपक्षी दलों का आंदोलन जारी है। राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA गठबंधन के नेता भी चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठा रहे हैं और सुप्रीम कोर्ट का रुख कर चुके हैं। ऐसे में सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के अधिकार को लेकर बहस और तेज होने की संभावना है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि CJP इस कार्रवाई के खिलाफ क्या कानूनी कदम उठाती है और दिल्ली पुलिस की ओर से मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।