ग्रेटर नोएडा वेस्ट की मसाला फैक्ट्री पर छापा, 3,759 किलो सामग्री सीज; 13 नमूने जांच के लिए भेजे

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (11/10/2026): नवरात्र के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के इटहेरा गांव स्थित धर्मेश इंडस्ट्रीज की मसाला फैक्ट्री पर छापेमारी की। जांच के दौरान टीम को मसाला निर्माण में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्रियों के साथ पीला और लाल रंग भी मिला। विभाग ने मौके से 13 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे, जबकि करीब 3,759 किलोग्राम सामग्री सीज कर दी गई।

जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में फैक्ट्री परिसर में रखे कच्चे माल और मसाला निर्माण में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्रियों की जांच की गई। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा के अनुसार, जांच के दौरान 125 किलोग्राम मिर्च के बीज, 1,050 किलोग्राम हल्दी पाउडर, 315 किलोग्राम धनिया पाउडर और 525 किलोग्राम मिर्च पाउडर मिला। इसके अलावा 360 किलोग्राम धनिया के टुकड़े, 140 किलोग्राम साबुत हल्दी, 600 किलोग्राम धनिया की डंडी की भूसी और 180 किलोग्राम अन्य सामग्री भी बरामद हुई।

फैक्ट्री में 100 किलोग्राम सोयाबीन की बड़ी, 300 किलोग्राम साबुत मिर्च और 60 किलोग्राम सरसों का तेल भी मिला। इसके साथ ही दो-दो किलोग्राम पीला और लाल रंग भी पाया गया। विभाग ने विभिन्न सामग्रियों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं। रंग और भूसी जैसी सामग्रियों को भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है।

छापेमारी के बाद फैक्ट्री संचालक के खिलाफ बिसरख थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। इसके साथ ही फैक्ट्री का खाद्य लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। हालांकि, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और उसमें मिलावट की पुष्टि नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

इस कार्रवाई में ओपी सिंह, विशाल कुमार गुप्ता, विजय बहादुर पटेल, रविंद्र नाथ वर्मा, मुकेश कुमार और रितु सक्सेना शामिल रहे।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान का उद्देश्य बाजार में उपलब्ध खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता की निगरानी करना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।