गौतमबुद्धनगर में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, सरकारी कर्मचारियों को स्व-गणना के निर्देश

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (27/11/2026): गौतमबुद्धनगर में जनगणना-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनगणना के पहले चरण के तहत संचालित स्व-गणना कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी सरकारी विभागों के अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की स्व-गणना शत-प्रतिशत पूरी कराने के निर्देश दिए गए।

जनपद में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों के कार्यालय अध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करें और इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें सरकारी कर्मचारियों के साथ-साथ आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।

बैठक में जनगणना कार्य के लिए नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए। जिन कर्मचारियों ने अभी तक निर्धारित पोर्टल पर लॉगिन नहीं किया है, उन्हें तत्काल प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया। इसके अलावा सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ प्रतिदिन कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।

स्व-गणना कार्यक्रम को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा और आसपास की हाईराइज सोसायटियों की आरडब्ल्यूए एवं एओए के साथ श्रमिक, व्यापारिक और सामाजिक संगठनों का सहयोग लिया जाएगा। इसके साथ ही मीडिया के माध्यम से भी लोगों को स्व-गणना की प्रक्रिया और उसके महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि सभी परिवार निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी जानकारी दर्ज करा सकें।

जिला प्रशासन ने सभी विभागों को 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना कार्यक्रम में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। बैठक में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के एसीईओ कृष्ण सिंह, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी अजीत कुमार सिंह, नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।