IIA की ‘मंथन’ बैठक, EPFO और ESIC अधिकारियों के साथ उद्यमियों ने उठाए श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दे

टेन न्यूज नेटवर्क

Meerut News (06/10/2026): इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) की ओर से मंगलवार को मेरठ में ईएसआईसी और ईपीएफओ के अधिकारियों के साथ ‘मंथन’ बैठक आयोजित की गई। होटल किस्टल, बाउंड्री रोड, बेगम ब्रिज में सुबह 9:30 बजे शुरू हुई बैठक में औद्योगिक इकाइयों से जुड़े मुद्दों, श्रमिकों के हितों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में ईपीएफ विभाग की ओर से क्षेत्रीय पीएफ आयुक्त प्रथम अंकुर गुप्ता और क्षेत्रीय पीएफ आयुक्त द्वितीय महेश सिंह मौजूद रहे। वहीं ईएसआईसी की ओर से मैनेजर नीरज कुमार गुप्ता ने हिस्सा लिया। IIA पदाधिकारियों और सदस्यों ने अधिकारियों के सामने ईएसआईसी और ईपीएफओ से संबंधित व्यावहारिक परेशानियों और अनुपालन से जुड़ी चुनौतियों को रखा।

IIA अध्यक्ष अंकित सिंघल ने कहा कि विभागीय अधिकारियों और उद्यमियों के बीच नियमित संवाद से औद्योगिक गतिविधियों को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिलती है। साथ ही कर्मचारियों को उनके सामाजिक सुरक्षा अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ समय पर दिलाने में भी ऐसी बैठकों की भूमिका महत्वपूर्ण रहती है। उन्होंने कहा कि बैठक का उद्देश्य उद्योगों की समस्याओं पर सीधे विभागीय अधिकारियों के साथ चर्चा कर उनके समाधान की दिशा में आगे बढ़ना है।

बैठक के दौरान ईपीएफ और ईएसआईसी से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रावधानों पर भी जानकारी साझा की गई। चर्चा में बताया गया कि ईपीएफ की नई वेतन सीमा 25 हजार रुपये हो गई है, जबकि 21 हजार रुपये तक के वेतन वाले कर्मचारियों को ईएसआईसी का लाभ मिलेगा। इसके अलावा कर्मचारियों द्वारा पीएफ खाते से 75 प्रतिशत तक एडवांस निकालने और नौकरी छोड़ने के एक वर्ष बाद पीएफ निकासी से जुड़े प्रावधानों पर भी चर्चा हुई। सेवानिवृत्ति की स्थिति में पीएफ निकासी को लेकर भी जानकारी दी गई।

उद्यमियों ने ईएसआईसी और ईपीएफओ की सेवाओं से जुड़ी तकनीकी एवं प्रशासनिक दिक्कतों को अधिकारियों के सामने रखा। डिजिटल पोर्टल के इस्तेमाल, नए नियमों के अनुपालन, दावों के निस्तारण और विभागीय प्रक्रियाओं में आने वाली समस्याओं पर भी बातचीत हुई। औद्योगिक कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनके दावों का समयबद्ध तरीके से निपटारा करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

बैठक में विभाग और औद्योगिक इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने उद्यमियों की ओर से रखी गई समस्याओं को सुना और संबंधित विषयों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस दौरान IIA अध्यक्ष अंकित सिंघल, सचिव गौरव जैन, कोषाध्यक्ष मनु रस्तोगी, उपाध्यक्ष तनुज गुप्ता के अलावा अनुराग अग्रवाल, विभोर अग्रवाल, आशिष अग्रवाल, इंशु बंसल, एस.के. शर्मा, पुष्कर अग्रवाल, धर्मपाल अरोरा सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।