जेवर में भूमि अधिग्रहण को विशेषज्ञ समूह की मंजूरी | Yamuna Authority
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (18 फरवरी 2025): जेवर एयरपोर्ट से जुड़ने वाली 60 मीटर चौड़ी सड़क और चार गांवों में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के योजनाबद्ध विकास के लिए पांच गांवों की 334 हेक्टेयर भूमि के सामाजिक प्रभाव मूल्यांकन (एसआईए) सर्वेक्षण को विशेषज्ञ समूह की स्वीकृति मिल गई है। सोमवार को एसआईए सर्वेक्षण करने वाली टीम, चार प्रोफेसर और प्रभावित गांवों के प्रतिनिधियों के साथ विशेषज्ञ समूह ने रिपोर्ट की समीक्षा की।
बैठक के दौरान सर्वेक्षण रिपोर्ट पर गहन चर्चा की गई, जिसके बाद बहुशाखीय विशेषज्ञ समूह ने ड्राफ्ट रिपोर्ट को उचित मानते हुए अपनी मंजूरी दी। हालांकि, कुछ सुझाव भी दिए गए, जिन्हें शामिल करने के बाद एजेंसी अंतिम रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजेगी। राज्य सरकार की स्वीकृति मिलने के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आरंभ होगी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को यमुना एक्सप्रेसवे और 60 मीटर चौड़ी सड़क से जोड़ने के लिए आवश्यक अधोसंरचनात्मक विकास की योजना तैयार की गई है। इसमें 60 मीटर चौड़ी सर्विस रोड और ग्रीन बेल्ट विकसित करने के लिए दयानतपुर गांव की 76 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण प्रस्तावित है।
सोमवार को इस संबंध में हुई बैठक में प्रो. संतोष कुमार (चेयरपर्सन), प्रो. सतीश कुमार, प्रो. नीना पांडेय, डीजीएम नोएडा विजय रावल, एसआईए टीम के नोडल अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, प्रो. बंदना पांडेय और डॉ. राकेश कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य विशेषज्ञ मौजूद रहे। इसके अलावा, प्रभावित गांवों के प्रतिनिधियों के साथ अपर जिलाधिकारी (एडीएम) बच्चू सिंह भी इस बहुशाखीय विशेषज्ञ समूह का हिस्सा थे।
अपर जिलाधिकारी (भूमि अधिग्रहण) बच्चू सिंह ने बताया कि बैठक के दौरान विशेषज्ञों ने ड्राफ्ट रिपोर्ट का विस्तृत मूल्यांकन किया और अपने सुझाव दिए। एसआईए एजेंसी इन सुझावों को शामिल करके अंतिम रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसे अनुमोदन के लिए राज्य सरकार को भेजा जाएगा। राज्य सरकार की स्वीकृति मिलने के बाद अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस फैसले से जेवर एयरपोर्ट और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र में तेज गति से बुनियादी ढांचे के विकास को बल मिलेगा, जिससे औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।