नई दिल्ली रेलवे स्टेशन भगदड़ मामले में दिल्ली कांग्रेस ने NHRC में दर्ज कराई शिकायत
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (17 फरवरी 2025): नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 15 फरवरी को हुई भगदड़ में 18 लोगों की मौत के बाद दिल्ली कांग्रेस ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) में शिकायत दर्ज कराई है। कांग्रेस का आरोप है कि रेलवे प्रशासन, पुलिस और अन्य सरकारी एजेंसियों की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें खासकर महाकुंभ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की जान गई।
एडवोकेट सुनील कुमार का बयान
दिल्ली कांग्रेस की ओर से एडवोकेट सुनील कुमार ने NHRC को दी गई शिकायत को लेकर मीडिया से बात करते हुए कहा कि, “हमने 15 फरवरी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई दर्दनाक घटना को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। हमने NHRC को बताया कि रेलवे प्रशासन, पुलिस और सरकार की लापरवाही के कारण कई निर्दोष लोगों की जान चली गई। खासकर वे श्रद्धालु, जो महाकुंभ के लिए यात्रा कर रहे थे, इस हादसे के शिकार हुए।”
NHRC से निष्पक्ष जांच की मांग
दिल्ली कांग्रेस ने NHRC से मांग की है कि एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित की जाए, जो मौके पर जाकर जांच करे और हादसे के लिए जिम्मेदार एजेंसियों और अधिकारियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अचानक भीड़ बढ़ने और अव्यवस्था के कारण फुट ओवरब्रिज पर भगदड़ मच गई। सुरक्षा उपायों की कमी और भीड़ नियंत्रण में प्रशासन की विफलता इस हादसे का प्रमुख कारण बनी। दिल्ली कांग्रेस ने इस घटना को लेकर रेल मंत्रालय और केंद्र सरकार को भी आड़े हाथों लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार और रेलवे प्रशासन को इस हादसे की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए और पीड़ितों के परिवारों को मुआवजा देना चाहिए।
अब सभी की नजर NHRC की आगामी कार्रवाई पर टिकी है। क्या आयोग इस घटना की गहन जांच करेगा? क्या लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई होगी? इन सवालों का जवाब आने वाले दिनों में मिल सकता है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।