UPITS 2026 में 600 स्टॉल और 300 महिला प्रतिनिधियों की भागीदारी, MSME मिनिस्टर भूपेंद्र चौधरी ने बताए खास आकर्षण

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (24/09/2026): उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण का आयोजन 25 सितंबर से 29 सितंबर 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में किया जाएगा। आयोजन का उद्घाटन 25 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे, जबकि 29 सितंबर को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समापन समारोह में शामिल होंगे।

टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विभाग के मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने UP International Trade Show 2026 की तैयारियों और इस बार किए गए विभिन्न नवाचारों की जानकारी साझा की।

600 स्टॉल में दिखेगा यूपी के उत्पादों का प्रदर्शन

कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि इस वर्ष UPITS में लगभग 600 स्टॉल लगाए गए हैं। पिछले संस्करण में करीब 550 स्टॉल थे। इस बार स्टॉल की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ विदेशी खरीदारों की भागीदारी पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के उत्पादों को देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाने तथा प्रदेश के ODOP (One District One Product) उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के उद्देश्य से यह आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

ODOP के साथ ODOC को भी किया गया शामिल

भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि इस वर्ष UPITS में ODOC के तहत प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों और खान-पान से जुड़े उत्पादों को भी प्रमुखता दी गई है। इसके जरिए उत्तर प्रदेश की समृद्ध खाद्य संस्कृति और स्थानीय व्यंजनों को भी व्यापक मंच उपलब्ध कराया जाएगा।

बढ़ी विदेशी खरीदारों की भागीदारी

मंत्री ने बताया कि पिछले संस्करण में एक पार्टनर कंट्री थी, जबकि इस बार पार्टनर देशों की संख्या में बढ़ोतरी की गई है। विदेशी खरीदारों की बढ़ती भागीदारी से उत्तर प्रदेश के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि UP International Trade Show केवल व्यापारिक आयोजन नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, व्यावसायिक संभावनाओं, कला, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को भी वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।

300 महिला प्रतिनिधियों की होगी भागीदारी

महिला उद्यमिता और भागीदारी को लेकर कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने बताया कि हॉल नंबर-10 में करीब 300 महिला प्रतिनिधि शामिल होंगी। इसके जरिए व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और उनके योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा।

25 सितंबर को सुबह 11 बजे होगा उद्घाटन

भूपेंद्र चौधरी के मुताबिक, UP International Trade Show 2026 का उद्घाटन 25 सितंबर को सुबह 11 बजे होगा। पांच दिवसीय यह आयोजन 29 सितंबर तक चलेगा, जिसमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के उत्पादों, उद्यमों, कारीगरों और व्यापारिक क्षमताओं को देश-विदेश के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।