DU छात्रा से अभद्रता और पीछा करने का आरोप, शिकायत के लिए तीन थानों के लगाने पड़े चक्कर
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (24 September 2026): दिल्ली यूनिवर्सिटी की एक छात्रा के साथ कथित तौर पर अभद्रता और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा का आरोप है कि सड़क पर कुछ युवकों ने उसका पीछा किया और कार से उसे अंदर खींचने की कोशिश की। छात्रा के मुताबिक, शिकायत दर्ज कराने के लिए उसे मॉरिस नगर, मॉडल टाउन और मुखर्जी नगर थाने के चक्कर लगाने पड़े। सोशल मीडिया पर छात्रा का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता दिल्ली यूनिवर्सिटी के हिंदू कॉलेज में संस्कृत से एमए प्रथम वर्ष की छात्रा बताई जा रही है और वह DU छात्रसंघ चुनाव में ABVP समर्थक थी। छात्रा के मुताबिक, घटना 23 और 24 सितंबर की दरम्यानी रात करीब साढ़े नौ बजे हुई। उसने अपनी आपबीती इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए आरोप लगाया कि एक कार उन्हें पीछे से फॉलो कर रही थी और उसमें सवार लोगों ने उन्हें कार के अंदर खींचने की कोशिश की। छात्रा का कहना है कि वह और उसके दोस्त शिकायत दर्ज कराने के लिए कई घंटे तक अलग-अलग थानों में जाते रहे।
छात्रा ने सोशल मीडिया पोस्ट में एक आरोपी की पहचान नमन चौधरी के तौर पर की और दावा किया कि वह फैकल्टी ऑफ लॉ का छात्र है। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी किसी पुलिस अधिकारी का नाम लेकर उसे धमकी दे रहा था और खुद को उस अधिकारी का रिश्तेदार बता रहा था। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। छात्रा ने शिकायत दर्ज न होने को लेकर भी अपनी नाराजगी सोशल मीडिया के जरिए जाहिर की थी।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 23 और 24 सितंबर की दरम्यानी रात करीब 9:30 बजे मुखर्जी नगर के हकीकत पार्क के पास एक छात्रा की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बताई जा रही कार को ट्रेस कर लिया। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि घटना के समय नमन नाम का व्यक्ति कार चला रहा था और उसके साथ दो से तीन अन्य लोग भी मौजूद थे।
पुलिस ने मुखर्जी नगर थाने में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की धारा 78, 79 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब मामले से जुड़े तथ्यों, आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। कार, उसमें मौजूद लोगों और घटना की परिस्थितियों को लेकर भी आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।