चकाचक होगा दिल्ली का बाजार!, MCD द्वारा नई मुहिम की शुरुआत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (17 फरवरी 2025): राजधानी दिल्ली के प्रमुख बाजारों को स्वच्छ और गंदगी मुक्त बनाए रखने के लिए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने रात्रिकालीन सफाई अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत 312 व्यस्त बाजारों में रात के समय विशेष सफाई की जाएगी, जिससे दिनभर की गंदगी को तुरंत हटाया जा सके और सुबह बाजार स्वच्छ मिले।

एमसीडी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, निगम आयुक्त अश्विनी कुमार ने सभी क्षेत्रीय उपायुक्तों को इस अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। इस पहल का उद्देश्य न केवल बाजारों की स्वच्छता सुनिश्चित करना है, बल्कि खरीदारों और दुकानदारों को एक बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना भी है।

चिह्नित बाजारों में सफाई अभियान की शुरुआत

शहर के कई महत्वपूर्ण बाजारों में यह अभियान पहले ही शुरू किया जा चुका है। इनमें चांदनी चौक, कृष्णा नगर लाल क्वार्टर, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी मार्केट और श्रीनिवासपुरी मार्केट शामिल हैं।इस अभियान को सुचारू रूप से लागू करने के लिए प्रत्येक ज़ोन में एक अधिशासी अभियंता और एक प्रशासनिक अधिकारी को नियुक्त किया गया है। ये अधिकारी सुनिश्चित करेंगे कि सफाई कार्य सही तरीके से पूरा हो।

इसके अलावा, इस प्रयास को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एमसीडी ने बाजार संघों को भी शामिल करने का निर्णय लिया है। इससे दुकानदार और व्यापारी भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग कर सकेंगे। दिल्ली नगर निगम का यह कदम राजधानी में स्वच्छता को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है, जिससे न केवल बाजारों की सफाई सुधरेगी बल्कि पर्यावरण भी बेहतर होगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।