आस्था कुंज पार्क में नाबालिग से गैंगरेप के बाद सुरक्षा बढ़ी, ITBP तैनात

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (23 September 2026): दिल्ली के कालकाजी इलाके के आस्था कुंज पार्क में नाबालिग से गैंगरेप की घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पार्क के अंदर दिल्ली पुलिस के साथ ITBP के जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवान लगातार पार्क में पेट्रोलिंग कर रहे हैं। इसके साथ ही पार्क के उन डार्क स्पॉट्स को भी चिह्नित किया गया है, जहां आपराधिक तत्वों के छिपने की आशंका रहती है। इन संवेदनशील जगहों पर पुलिस की टीमें विशेष निगरानी रख रही हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक भी चल रही है, जिसमें महिला सुरक्षा को प्रमुख मुद्दा बनाया गया है। वहीं, बुधवार सुबह उपराज्यपाल और दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच भी महत्वपूर्ण बैठक हुई। बताया गया कि पीड़िता अपने दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन के बाद मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे आस्था कुंज पार्क में टहलने गई थी। इसी दौरान 25 से 30 वर्ष की उम्र के तीन युवकों ने दोनों को घेर लिया और खुद को पुलिसकर्मी बताकर धमकाया।

आरोप है कि तीनों युवकों ने पीड़िता के दोस्त को बंधक बना लिया और इसके बाद युवती के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। वारदात के बाद दिल्ली पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आसिफ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। मामले में शामिल बताए जा रहे दो अन्य आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद पुलिस पार्क के अंदर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को मजबूत करने में जुटी है।

इसी बीच दिल्ली के करोल बाग इलाके में भी 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। देशबंधु गुप्ता रोड थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 34 वर्षीय अंकित के रूप में हुई है, जो किशनगंज इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है और पीड़ित परिवार को पहले से जानता था।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।