DTC ड्राइवरों की हड़ताल के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में जनहित याचिका, लाखों यात्रियों की परेशानी का हवाला

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (22 September 2026): दिल्ली में DTC बसों के ड्राइवर, कंडक्टर और दूसरे कर्मचारियों की जारी हड़ताल के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की गई है। याचिका में हड़ताल के कारण राजधानी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने और आम लोगों को हो रही परेशानी पर चिंता जताई गई है। इस मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की बेंच कल कर सकती है।

दरअसल, DTC की सार्वजनिक बस सेवा से जुड़े ड्राइवर, कंडक्टर और अन्य कर्मचारी 15 सितंबर से हड़ताल पर हैं। कर्मचारी अपनी सैलरी और दूसरी सुविधाओं में बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। याचिका में दिल्ली की पब्लिक बस ट्रांसपोर्ट सर्विस को तत्काल बहाल करने के साथ-साथ बस सेवाओं के रखरखाव और उन्हें लगातार जारी रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने की मांग की गई है।

याचिकाकर्ता अमी सिसौदिया ने कहा है कि हड़ताल का सीधा असर आम यात्रियों पर पड़ रहा है। याचिका के मुताबिक, महिलाओं के लिए मुफ्त सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें आने-जाने के लिए महंगे वैकल्पिक साधनों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। इससे उन यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जो रोजाना सार्वजनिक बसों के जरिए सफर करते हैं।

याचिका में कहा गया है कि DTC कर्मचारियों की हड़ताल से लाखों दिल्लीवासियों की रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो रही है। छात्रों, दिहाड़ी मजदूरों, वेतनभोगी कर्मचारियों, बुजुर्गों, दिव्यांगों, मरीजों और आर्थिक रूप से कमजोर यात्रियों को विशेष तौर पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि ये लोग सस्ते सार्वजनिक परिवहन पर निर्भर हैं। अब याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट की सुनवाई के बाद यह तय होगा कि सार्वजनिक बस सेवा को लेकर अदालत की ओर से क्या निर्देश दिए जाते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।