पटाखों को प्रदूषण का विलेन बनाना बंद करें, पराली पर कार्रवाई करे सरकार: CTI
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (10 November 2026): दिल्ली के प्रदूषण को लेकर दिवाली के पटाखों पर जारी बहस के बीच चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने राजनीतिक दलों से सवाल उठाए हैं। CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि दिल्ली के प्रदूषण के लिए केवल दिवाली के पटाखों को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों को पत्र लिखकर प्रदूषण के मुद्दे पर मिलकर काम करने और अपने-अपने राज्यों में पराली जलाने की समस्या का समाधान निकालने की मांग की है।
बृजेश गोयल ने कहा कि CTI प्रदूषण के पूरी तरह खिलाफ है और दिल्ली में साफ हवा चाहती है, लेकिन एक दिन की दिवाली को प्रदूषण का मुख्य कारण बताकर पटाखा कारोबारियों की रोजी-रोटी पर ताला लगाना समाधान नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब 5, 6 और 7 नवंबर को दिल्ली का AQI 350 से 400 के बीच दर्ज किया गया था, तब पटाखे नहीं जले थे। ऐसे में उन दिनों के प्रदूषण के लिए कौन जिम्मेदार था?
उन्होंने कहा कि हर साल अक्टूबर से जनवरी के बीच प्रदूषण का स्तर बढ़ने के पीछे पराली जलाने सहित कई कारणों की भूमिका है। इसके बावजूद प्रदूषण की पूरी जिम्मेदारी पटाखों पर डालना सही नहीं है। सरकारों को पराली की समस्या के स्थायी समाधान के लिए केंद्र के साथ मिलकर काम करना चाहिए।
CTI चेयरमैन ने पटाखा उद्योग से जुड़े करीब 10 लाख परिवारों की आजीविका का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि शिवकाशी की फैक्ट्रियों से लेकर दिल्ली के खुदरा दुकानदारों तक हजारों कारोबारियों ने लाइसेंस, स्टॉक और पूंजी में निवेश किया है। कई छोटे व्यापारी दिवाली के 15-20 दिनों के कारोबार पर पूरे साल की आय के लिए निर्भर रहते हैं। ऐसे में अंतिम समय पर प्रतिबंध लगने से उनका निवेश और रोजगार प्रभावित होता है।
बृजेश गोयल ने कहा कि CTI पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध के बजाय कम पटाखे, निर्धारित समय और ग्रीन पटाखों के इस्तेमाल के पक्ष में है। उन्होंने बच्चों की दिवाली की खुशियों और त्योहारों की परंपराओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और व्यापारिक हितों के बीच संतुलन बनाना जरूरी है।
उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि पर्यावरण के नाम पर कार्रवाई के दौरान हिंदू त्योहारों पर ही सबसे अधिक प्रतिबंधों की मांग क्यों उठती है। उनका कहना है कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और किसी भी त्योहार के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए।
अंत में CTI चेयरमैन ने सवाल किया कि यदि पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पूरी तरह बंद कर दिया जाए, तो क्या कोई राजनीतिक दल या संस्था इसकी गारंटी दे सकती है कि अक्टूबर से जनवरी के बीच दिल्ली का AQI 300 से ऊपर नहीं जाएगा? उन्होंने कहा कि प्रदूषण का समाधान केवल प्रतिबंधों में नहीं, बल्कि सालभर वैज्ञानिक और संतुलित प्रबंधन में है, ताकि साफ हवा के साथ व्यापार, परंपराएं और बच्चों की खुशियां भी बनी रहें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।