नोएडा में 2200 कैमरों से होगी निगरानी, सेक्टर-94 में बनेगा इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (18/09/2026): नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 217 करोड़ रुपये के सेफ सिटी प्रोजेक्ट की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। बुधवार को सेक्टर-96 स्थित प्राधिकरण के मुख्य प्रशासनिक भवन में प्री-बिड बैठक आयोजित की गई। इसमें मास्टर सिस्टम इंटीग्रेटर और उपकरण निर्माता कंपनियों के 130 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए।

प्रोजेक्ट के तहत शहर में करीब 2200 हाईटेक कैमरे लगाए जाने हैं। इन्हें लगभग 20 हजार स्थानों से जोड़ा जाएगा। इससे प्रमुख सड़कों के साथ-साथ गलियों और शहर के अन्य हिस्सों की निगरानी भी की जा सकेगी। कैमरों में फेस डिटेक्शन जैसी तकनीक का प्रावधान भी रखा गया है।

सेक्टर-94 में पहले से मौजूद इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के ऊपर नया कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। इसे मौजूदा कंट्रोल रूम और पुलिस मुख्यालय के कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। किसी घटना की सूचना मिलने पर संबंधित थाना, चौकी, पीआरवी और डायल-112 तक जानकारी तुरंत पहुंचाने की व्यवस्था होगी।

प्रोजेक्ट में पैन-टिल्ट-जूम कैमरे भी लगाए जाएंगे, जिन्हें जरूरत के अनुसार अलग-अलग दिशाओं में घुमाया जा सकेगा। इनसे करीब 1700 मीटर तक जूम करके फुटेज देखी जा सकेगी। भविष्य में ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र को भी इस निगरानी प्रणाली से जोड़ने की व्यवस्था रखी गई है।

प्री-बिड बैठक में कंपनियों से मिले सुझावों के आधार पर टेंडर में जरूरी बदलाव किए जाएंगे। इसके बाद कॉरिजेंडम जारी किया जाएगा। प्राधिकरण की योजना के अनुसार करीब एक महीने में कंपनी का चयन कर काम शुरू कराया जा सकता है। प्रोजेक्ट को एक साल में पूरा करने का लक्ष्य है। सिस्टम तैयार होने के बाद पुलिसकर्मियों को इसे संचालित करने की ट्रेनिंग भी दी जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।