गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में 19-20 सितंबर को ‘प्रेरणा विमर्श-2026’, 1000+ महिलाओं की भागीदारी

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (17/09/2026): समाज, राष्ट्र, मीडिया और समकालीन विषयों पर सकारात्मक एवं रचनात्मक संवाद को बढ़ावा देने वाला वार्षिक वैचारिक आयोजन ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ इस वर्ष 19 और 20 सितंबर को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय इस आयोजन में देशभर से शिक्षाविद्, पत्रकार, वैज्ञानिक, शोधार्थी, युवा उद्यमी, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, साहित्यकार और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन हिस्सा लेंगे।

इस वर्ष ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ की केंद्रीय थीम ‘उत्कर्ष : नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ रखी गई है। आयोजन का उद्देश्य नारी शक्ति, युवा ऊर्जा, राष्ट्र निर्माण, तकनीक और सामाजिक सरोकारों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श को मंच प्रदान करना है। यह आयोजन प्रेरणा मीडिया शोध संस्थान न्यास, प्रेरणा विमर्श आयोजन समिति और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

1,000 से अधिक मातृशक्ति की सहभागिता से होगा शुभारंभ

कार्यक्रम के पहले दिन 19 सितंबर को शाम 3 बजे ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ का शुभारंभ ‘नारी शक्ति राष्ट्र वंदन यज्ञ’ से होगा। आयोजकों के अनुसार, 108 हवन कुंडों पर होने वाले इस विशेष आयोजन में 1,000 से अधिक मातृशक्ति यजमान के रूप में शामिल होंगी।

यह कार्यक्रम भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, राष्ट्रभाव और नारी शक्ति के सम्मान को केंद्र में रखकर आयोजित किया जा रहा है। आयोजन समिति के मुताबिक, यज्ञ के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका, उनके सामर्थ्य, स्वाभिमान और योगदान के प्रति समाज की कृतज्ञता को अभिव्यक्त किया जाएगा।

इस अवसर पर राष्ट्र सेविका समिति की अखिल भारतीय प्रमुख कार्यवाहिका श्रीमती सीता अन्नदानम मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहेंगी। वहीं गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम (IAS) मुख्य अतिथि और प्रेरणा शोध संस्थान न्यास की अध्यक्ष श्रीमती प्रीति दादू अध्यक्षीय भूमिका में रहेंगी।

‘युवा सोच, नया भारत’ पर युवाओं के भविष्य को लेकर चर्चा

आयोजन के दूसरे दिन 20 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक दो समानांतर विचार-सत्र आयोजित किए जाएंगे। सभागार-3 में ‘युवा सोच, नया भारत’ विषय पर विशेष सत्र होगा।

इस दौरान युवाओं की रचनात्मक क्षमता, नवाचार और ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), तकनीक, डिजिटल मीडिया, ब्लॉगिंग, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, उद्यमिता, कौशल विकास और विकसित भारत जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।

सत्र में आईएमटी ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के प्रबंध निदेशक डॉ. मयंक अग्रवाल, एनडीटीवी की एंकर रंजना राठौड़, टाइम्स नाउ-नवभारत की एंकर साक्षी मिश्र तथा आज तक के एंकर एवं प्रबंध संपादक (स्पेशल प्रोजेक्ट्स) सईद अंसारी अपने विचार रखेंगे।

‘स्वाभिमानी नारी, सशक्त भारत’ पर होगा सृजन संवाद

इसी समय सभागार-2 में ‘सृजन संवाद’ के तहत ‘स्वाभिमानी नारी, सशक्त भारत’ विषय पर चर्चा आयोजित होगी। इसमें अनुसंधान, शिक्षा, मीडिया, विज्ञान, सुरक्षा, उद्यमिता और सामाजिक क्षेत्र में महिलाओं के नेतृत्व तथा उनकी भूमिका के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

इस सत्र का संचालन संसद टीवी की एंकर दीक्षा कोहली करेंगी। संवाद में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर, योग विशेषज्ञ एवं योगक्षेम (अयंगर योग संस्थान) की संचालिका निवेदिता जोशी, डीआरडीओ (DFTM) की निदेशक डॉ. रंजना नल्लमल्ली, टीवी टुडे नेटवर्क लिमिटेड के प्रबंध संपादक गौरव सावंत और प्रेरणा विमर्श-2026 के अध्यक्ष एवं उद्यमी अनिल त्यागी विचार साझा करेंगे।

आयोजकों के अनुसार, इस सत्र की एक खास बात यह रहेगी कि इसमें नारी शक्ति के साथ पुरुषों की भी साझी सामाजिक जिम्मेदारी और सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया जाएगा।

समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे शामिल

दोनों समानांतर विचार-सत्रों के बाद 20 सितंबर को दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ का भव्य समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।

समापन समारोह में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे।

आयोजन समिति ने बताया कि दो दिवसीय कार्यक्रम में देश के अलग-अलग हिस्सों से विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञ और प्रबुद्धजन हिस्सा ले रहे हैं। समापन समारोह की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सहभागियों से दोपहर 2 बजे तक सभागार में अपना स्थान ग्रहण करने का आग्रह किया गया है।

प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य

आयोजन समिति ने स्पष्ट किया है कि सीमित सीटों और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को देखते हुए इसमें शामिल होने के लिए पूर्व पंजीकरण अनिवार्य होगा। ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन पूरा करने के बाद प्राप्त पास/एंट्री बैज के माध्यम से ही कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश दिया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, वर्ष 2020 से लगातार आयोजित हो रहा ‘प्रेरणा विमर्श’ देश के विभिन्न स्थानों पर सकारात्मक और सार्थक संवाद की परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। इस वर्ष का आयोजन नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को केंद्र में रखते हुए आयोजित किया जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।