21 सितंबर को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर तालाबंदी का ऐलान, किसानों ने दी दोनों मुख्य गेट बंद करने की चेतावनी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (16/09/2026): ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ किसानों का धरना बुधवार को आठवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को लेकर किसान एकता संघ की बैठक दनकौर स्थित कैंप कार्यालय में दोपहर करीब 12:30 बजे आयोजित की गई। बैठक में किसान संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन, किसानों की मांगों और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार आठ दिनों से धरना जारी रहने के बावजूद प्राधिकरण की ओर से किसानों के साथ बातचीत शुरू नहीं की गई है। बैठक में इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि 21 सितंबर को किसान संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के दोनों मुख्य गेटों पर तालाबंदी की जाएगी। किसानों ने कहा कि मांगों पर ठोस पहल नहीं होने की स्थिति में प्राधिकरण के मुख्य प्रवेश द्वार बंद किए जाएंगे और विरोध प्रदर्शन को और व्यापक किया जाएगा।
किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर प्राधिकरण के अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसानों की मांगों पर बातचीत कर समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बैठक में श्रीकृष्ण बैंसला, मोहन पाल नागर, वनीस प्रधान, उमेद एडवोकेट, रवि नागर, पप्पे नागर, विक्रम नागर, ओमेंद्र खारी, मनोज भाटी और हेमराज बीडीसी समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।