दिल्ली-दुबई की दो फ्लाइट 24 घंटे लेट, Delhi के IGI एयरपोर्ट पर यात्रियों का फूटा गुस्सा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News O15 September 2026): दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की दिल्ली-दुबई जाने वाली दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 24 घंटे से ज्यादा की देरी के बाद यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। लंबे इंतजार से परेशान यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा किया और स्पाइसजेट के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। यात्रियों का कहना था कि उन्हें घंटों तक फ्लाइट के उड़ान भरने का इंतजार करना पड़ा, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक, स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 5111 को 14 सितंबर की सुबह 7:45 बजे दिल्ली से दुबई के लिए उड़ान भरनी थी, लेकिन इसे री-शेड्यूल कर 15 सितंबर की सुबह 9 बजे कर दिया गया। यानी यात्रियों को करीब 25 घंटे से ज्यादा इंतजार करना पड़ा। वहीं, दूसरी फ्लाइट SG 5105 को 14 सितंबर की शाम 6:45 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन इसे भी री-शेड्यूल कर 15 सितंबर दोपहर 12:30 बजे कर दिया गया। दोनों उड़ानों के यात्री 14 सितंबर से ही IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल पर परेशान होते रहे।

यात्रियों ने आरोप लगाया कि इतनी लंबी देरी के बावजूद उन्हें उचित जानकारी और सहायता देने के लिए स्पाइसजेट का पर्याप्त स्टाफ मौके पर मौजूद नहीं था। इसके बाद एयरपोर्ट और DIAL के कर्मचारियों ने यात्रियों के लिए खाने-पीने और आराम करने की व्यवस्था की। यात्रियों ने मांग की कि एयरलाइन की ओर से उनके ठहरने और दूसरी जरूरी सुविधाओं का उचित इंतजाम किया जाए, क्योंकि लगातार कई घंटे एयरपोर्ट पर इंतजार करना उनके लिए काफी मुश्किल हो गया था।

मामला बढ़ने के बाद स्पाइसजेट ने यात्रियों से माफी मांगते हुए देरी की वजह बताई। एयरलाइन के मुताबिक, एक विमान में तकनीकी खराबी आने के कारण वह ग्राउंडेड हो गया था, जिसके चलते दिल्ली-दुबई की दोनों उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा। स्पाइसजेट ने कहा कि प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है और उनकी परेशानी कम करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, 24 घंटे से ज्यादा की देरी के बाद यात्रियों का गुस्सा एयरलाइन की व्यवस्था और यात्री सुविधाओं पर सवाल जरूर खड़े करता है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।