राज्यसभा सचिवालय में हिंदी पखवाड़े का आगाज, अधिकारियों-कर्मचारियों ने प्रतियोगिताओं मे लिया हिस्सा
टेन न्यूज नेटवर्क
New Delhi News (14/09/2026): राज्यसभा सचिवालय में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यालयी कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 14 से 28 सितंबर 2026 तक हिंदी पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। पखवाड़े की शुरुआत सोमवार को हिंदी निबंध एवं सामान्य हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता तथा हिंदी अनुवाद एवं सामान्य हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता के आयोजन के साथ हुई। सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ भाग लिया और हिंदी के प्रति अपनी रुचि एवं लगाव का परिचय दिया।
हिंदी पखवाड़े के दौरान सचिवालय में हिंदी भाषा से जुड़ी कई अन्य प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आगामी कार्यक्रमों में कंप्यूटर पर हिंदी टंकण प्रतियोगिता, सुलेख एवं शुद्ध लेखन प्रतियोगिता, हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता और हिंदी काव्य प्रतियोगिता प्रमुख हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य कर्मचारियों को हिंदी के विभिन्न रूपों और विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है। साथ ही, इनके माध्यम से कार्यालय में हिंदी के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने और राजभाषा के रूप में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
राज्यसभा सचिवालय का राजभाषा अनुभाग हर वर्ष हिंदी पखवाड़े का आयोजन करता है। इसके जरिए अधिकारियों और कर्मचारियों को हिंदी में अधिक से अधिक कार्यालयी कार्य करने के लिए प्रेरित किया जाता है। पखवाड़े के कार्यक्रमों के माध्यम से कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने और दैनिक कार्यालयी कामकाज में हिंदी के इस्तेमाल को सहज बनाने पर भी जोर दिया जाता है।
इस अवसर पर संयुक्त सचिव (संपादन एवं अनुवाद) महेन्द्र सिंह ने सचिवालय के कार्यालयी कार्यों में हिंदी के प्रयोग में लगातार हो रही वृद्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि हिंदी पखवाड़ा सिर्फ विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि कार्यालयी कामकाज में हिंदी के व्यापक उपयोग के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है।
उन्होंने सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों से हिंदी पखवाड़े के तहत आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों में सहभागिता के जरिए कर्मचारी हिंदी के प्रति अपने लगाव के साथ-साथ राजभाषा के प्रति सम्मान और प्रतिबद्धता को भी व्यक्त कर सकते हैं।
हिंदी पखवाड़े का समापन 28 सितंबर को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर राज्यसभा सचिवालय की वार्षिक गृह पत्रिका ‘नूतन प्रतिबिंब’ के 21वें अंक का लोकार्पण भी किया जाएगा। इस आयोजन के जरिए पखवाड़े के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।