भलस्वा डेयरी इलाके में चोरी के शक में युवक की पिटाई, इलाज के दौरान हुई मौत
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (13 September 2026): दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में चोरी के शक में एक 18 वर्षीय युवक की पिटाई के बाद मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राम कुमार के रूप में हुई है। आरोप है कि 29 अगस्त की शाम ट्रक चालकों ने उसे केबल और अन्य सामान चोरी करने के शक में पकड़ा और उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 29 अगस्त को शाम करीब 7 बजे राम कुमार अपने चार अन्य साथियों के साथ इलाके में खड़े ट्रकों से कथित तौर पर केबल और अन्य सामान चोरी करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान ट्रक चालकों ने उन्हें पकड़ लिया और राम कुमार की पिटाई की। अगले दिन 30 अगस्त को परिवार वाले उसे बुराड़ी अस्पताल लेकर पहुंचे। मेडिकल जांच में उसके हाथ, पैर और आंख के आसपास चोट के निशान मिले, हालांकि उस समय कोई गंभीर चोट या सक्रिय रक्तस्राव नहीं पाया गया। इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इसके बाद 9 सितंबर को राम कुमार को सांस लेने में तकलीफ हुई और वह दोबारा अस्पताल पहुंचा। उसे बीजेआरएम अस्पताल से राजन बाबू टीबी अस्पताल रेफर किया गया, जहां 9 और 10 सितंबर की दरमियानी रात उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद 10 सितंबर को भलस्वा डेयरी थाना पुलिस ने धारा 105 बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। मृतक के भाई लक्ष्मण का आरोप है कि राम कुमार कूड़ा बीनने का काम करता था और उसे कई लोगों ने पकड़ रखा था। परिवार को फोन कर भाई को ले जाने के लिए 10 हजार रुपये लाने की बात भी कही गई थी।
डीसीपी शोभित डी सक्सेना के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक मुंतियाज और नईम को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। मौत की सही वजह का पता लगाने के लिए 12 सितंबर को पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस की टीमें दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली से बाहर भेजी गई हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।