घर से कुंभ स्नान के लिए निकली पत्नी लापता, बेबस और लाचार पति ने क्या कहा ?
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (16 फरवरी 2025): नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात हुई भगदड़ में 18 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। इस भगदड़ के बाद मोतिहारी की रहने वाली मीना देवी, जो प्रयागराज संगम स्नान के लिए निकली थी, अब तक लापता हैं। मीना देवी के परिवार वालों और सहकर्मियों ने उन्हें कई अस्पतालों में तलाशने की कोशिश की, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है।
परिवार में छाया मातम, सहकर्मियों ने दी सूचना
मीना देवी शनिवार शाम 6 बजे अपने घर से निकली थीं और सहकर्मियों के साथ कुंभ यात्रा के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। भगदड़ के दौरान उनके सहकर्मी उनसे बिछड़ गए और बाद में काफी तलाश करने के बावजूद उन्हें खोज नहीं पाए। परिजनों को उनके लापता होने की खबर उन्हीं सहकर्मियों ने दी। मीना देवी के पति भोला शाह और अन्य रिश्तेदार अब दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में उनकी तलाश कर रहे हैं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में घायल लोगों को LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन वहां मीना देवी की पहचान न मृतकों में हुई और न ही घायलों में। इस वजह से उनके परिजन अब अन्य अस्पतालों में उनकी तलाश कर रहे हैं। परिवार इस बात से बेहद परेशान है कि आखिर मीना देवी कहां हैं और उनकी हालत कैसी है।
पति और बच्चों की हालत खराब
मीना देवी के परिवार में उनके पति और दो छोटे बच्चे हैं, जो दिल्ली में रहकर एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। उनकी लापता होने की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पति भोला शाह बार-बार अस्पतालों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। बच्चों को भी मां की चिंता सता रही है और वे लगातार मीना देवी के लौटने की दुआ कर रहे हैं।
परिवार और रिश्तेदारों ने प्रशासन से मीना देवी की जल्द से जल्द तलाश करने की अपील की है। इस घटना के बाद प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि अभी तक कई लोगों का कोई पता नहीं चल पाया है। मीना देवी के परिवार को उम्मीद है कि वे सुरक्षित मिल जाएंगी, लेकिन समय बीतने के साथ उनकी चिंता बढ़ती जा रही है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।