ईशान संस्थान में ‘दीक्षारंभ’ 2026, IPS अजय कुमार ने छात्रों को दिया सफलता का मंत्र
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (12/09/2026): ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-1 स्थित ईशान शिक्षण संस्थान में मैनेजमेंट और लॉ पाठ्यक्रमों के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ओरिएंटेशन 2026 ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने अभिभावकों के साथ उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडिशनल कमिश्नर (डीआईजी), हेडक्वार्टर, गौतमबुद्ध नगर एवं आईपीएस अधिकारी अजय कुमार पांडेय रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।
अजय कुमार पांडेय ने कहा, “अपने सपनों को जिंदा रखिए और अपने सपनों की उड़ान को आगे बढ़ाइए। सफलता केवल मेहनत से ही प्राप्त होती है।” उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच और मस्तिष्क की क्षमता के महत्व के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति जिस दिशा में अपने विचारों और मेहनत को केंद्रित करता है, उसी दिशा में आगे बढ़ने की संभावनाएं मजबूत होती हैं।
उन्होंने अपने जीवन के अनुभव भी विद्यार्थियों के साथ साझा किए। उन्होंने बताया कि विदेश में नौकरी का अवसर मिलने के बावजूद उन्होंने देश और समाज की सेवा के उद्देश्य से पुलिस सेवा को चुना। उनकी जीवन यात्रा और संघर्ष ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहने और चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया।
कॉलेज के चेयरमैन डॉ. डी.के. गर्ग ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास को जीवन का हिस्सा बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि कॉलेज में प्रवेश केवल डिग्री हासिल करने की शुरुआत नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कॉलेज के सीईओ डॉ. तुषार आर्या और अमन आर्या ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने, पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सीए ज्ञान चंद्र मिश्रा और कॉलेज के पूर्व छात्र पुनीत धांकर ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर कौशल विकास के साथ व्यावहारिक ज्ञान पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
ओरिएंटेशन कार्यक्रम में बीबीए, बीसीए, बी.कॉम, एम.कॉम, बीए.एलएल.बी., एलएल.बी. और एलएल.एम. पाठ्यक्रमों में नवप्रवेशित विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, उपलब्ध अवसरों और भविष्य की संभावनाओं से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम के दौरान सभी विभागों के प्राचार्य, विभागाध्यक्ष और स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे। ‘दीक्षारंभ’ के माध्यम से नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।