Noida News (12/09/2026): नोएडा में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां शेयर बाजार में निवेश के जरिए बड़ा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 50.42 लाख रुपये की रकम ठग ली गई। आरोपियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से पीड़ित से संपर्क किया और निवेश के लिए अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाए। इस दौरान एक ऐप पर निवेश की रकम और मुनाफा लगातार बढ़ता हुआ दिखाया जाता रहा।
सेक्टर-110 स्थित लोटस पनाश सोसाइटी निवासी ओमप्रकाश सैनी के मुताबिक, 2 जुलाई को उन्हें सोशल मीडिया के जरिए ऑनलाइन शेयर बाजार में निवेश से संबंधित जानकारी और एक लिंक मिला था। लिंक खोलने के बाद कुछ समय में आरोपियों ने उनसे संपर्क किया। उन्होंने निवेश पर अच्छा रिटर्न देने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करवाई। जुलाई से 20 अगस्त के बीच ओमप्रकाश ने कुल 50.42 लाख रुपये जमा किए।
आरोपियों ने ऐप के जरिए निवेश की रकम बढ़ती हुई दिखाई, जिससे पीड़ित को अपने निवेश पर मुनाफा होने का भरोसा बना रहा। जब उन्होंने ऐप में दिखाई जा रही रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने पैसे रिलीज करने के लिए टैक्स के नाम पर अतिरिक्त रकम जमा करने को कहा। इसके बाद उन्हें पूरे मामले पर संदेह हुआ और साइबर ठगी का पता चला। उन्होंने गुरुवार रात साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। डीसीपी साइबर क्राइम शैव्या गोयल के अनुसार, मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं, सूरजपुर क्षेत्र के मलकपुर गांव निवासी सुब्रत मंडल के खाते से भी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। सुब्रत ने बताया कि उन्होंने 25 मई 2025 को पीएफ की रकम निकालने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। 3 जून को पीएफ की राशि उनके बैंक खाते में पहुंची। आरोप है कि उसी रात अज्ञात साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन माध्यम से उनके खाते से 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।