नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ | रेलवे के अधिकारियों ने क्या कहा?

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (16 फरवरी 2025): नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात 9 बजे के आसपास भीषण भगदड़ मच गई, जिसमें कई यात्रियों की जान चली गई और कई घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब प्लेटफार्म नंबर 14 और 16 पर यात्रियों की अत्यधिक भीड़ जमा हो गई थी। रेलवे ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरा दुख जताया और प्रभावित लोगों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2.5 लाख रुपये और मामूली घायलों को 1 लाख रुपये दिए जाएंगे।

एक अधिकारी के अनुसार, प्रयागराज एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर 14 पर खड़ी थी, और इसी दौरान स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस की देरी के कारण यात्री प्लेटफार्म नंबर 12, 13 और 14 पर जमा हो गए थे। पुलिस उपायुक्त (रेलवे) के अनुसार स्टेशन पर हर घंटे 1,500 सामान्य टिकट बेचे जा रहे थे, जिससे भीड़ नियंत्रण से बाहर हो गई। प्लेटफार्म नंबर 14 और 16 के एस्केलेटर के पास अचानक भगदड़ मच गई, जिससे कई लोगों की जान चली गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टेशन पर इतनी अधिक भीड़ पहले कभी नहीं देखी गई थी। एक कुली ने बताया कि उसने अपने 44 साल के करियर में ऐसी स्थिति नहीं देखी, यहां तक कि छठ पूजा के दौरान भी नहीं। उसने यह भी बताया कि उसने खुद 15 शवों को गाड़ियों में रखवाया। भगदड़ के बाद स्टेशन पर अफरातफरी मच गई, और राहत एवं बचाव कार्य में रेलवे और पुलिस की टीमें जुट गईं।

इस घटना पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, रेल मंत्री और अन्य नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। रेलवे अधिकारियों ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं और सुरक्षा उपायों की समीक्षा करने की बात कही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई इस दुखद घटना ने एक बार फिर रेलवे स्टेशन पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था की कमी को उजागर कर दिया है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए रेलवे को जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने होंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की त्रासदी दोबारा न हो।।

 

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।