दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में EWS कोटे से एडमिशन का मौका, 20 सितंबर तक करें आवेदन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (11 September 2026): दिल्ली के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानी EWS परिवारों के बच्चों के लिए प्राइवेट स्कूलों में मुफ्त शिक्षा पाने का बड़ा अवसर सामने आया है। शिक्षा निदेशालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दिल्ली के निजी स्कूलों में दूसरी कक्षा और उससे ऊपर की कक्षाओं में EWS कोटे के तहत दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभिभावक शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 20 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

EWS कोटे के तहत दाखिले के लिए कुछ जरूरी पात्रता शर्तें तय की गई हैं। आवेदन करने वाले बच्चे के परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। माता या पिता के नाम पर दिल्ली राजस्व विभाग द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र होना आवश्यक है और आवेदक का दिल्ली का निवासी होना भी जरूरी है। इसके अलावा BPL, AAY राशन कार्ड या फूड सिक्योरिटी कार्ड वाले परिवारों के बच्चे भी आवेदन कर सकते हैं। दूसरी कक्षा में प्रवेश के लिए बच्चे की अधिकतम उम्र 7 वर्ष निर्धारित की गई है और उम्र की गणना 31 मार्च के आधार पर की जाएगी।

शिक्षा निदेशालय के अनुसार आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीटों के आवंटन के लिए कंप्यूटराइज्ड ड्रॉ आयोजित किया जाएगा, जिसके 24 सितंबर को होने की संभावना है। ड्रॉ के माध्यम से बच्चों को उन्हीं स्कूलों में सीट आवंटित की जाएगी, जिन्हें आवेदन करते समय अभिभावकों ने अपनी पसंद के रूप में चुना होगा। सीटों का आवंटन घर के पते के आधार पर कंप्यूटर लॉटरी के जरिए किया जाएगा। ऐसे में अभिभावकों को आवेदन फॉर्म भरते समय स्कूलों की पसंद और पते की जानकारी बेहद सावधानी से दर्ज करनी होगी।

शिक्षा निदेशालय ने अभिभावकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि एक बच्चे के दाखिले के लिए केवल एक ही आवेदन किया जाए। यदि किसी बच्चे के नाम से एक से अधिक आवेदन पाए जाते हैं तो आवेदन रद्द किया जा सकता है। वहीं, पसंद के स्कूल में दाखिला पाने के लिए गलत या फर्जी पता देने वालों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है। इसलिए अभिभावकों से सभी जानकारी और दस्तावेज सही तरीके से जमा करने की अपील की गई है।

ड्रॉ के बाद चयनित बच्चों के दस्तावेजों की जांच भी की जाएगी। इसके लिए शिक्षा निदेशालय की ओर से करीब 30 जोनल टीमें गठित की जाएंगी, जो चयनित उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन करेंगी। दस्तावेजों की जांच के बाद ही दाखिले की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। ऐसे में दिल्ली के EWS परिवारों के लिए प्राइवेट स्कूलों में दूसरी और उससे ऊपर की कक्षाओं में मुफ्त शिक्षा का यह महत्वपूर्ण अवसर है और पात्र अभिभावकों को 20 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन पूरा करना होगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।