PM मोदी के कार्यक्रम से पहले बड़ी सुरक्षा चूक! रिवॉल्वर और कारतूस के साथ दो गिरफ्तार
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Mumbai News (09 September 2026): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से पहले मुंबई के जियो वर्ल्ड प्लाजा में कथित सुरक्षा चूक का गंभीर मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस ने फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर परिसर में प्रवेश करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, एक आरोपी ने खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय यानी PMO का अधिकारी बताया, जबकि उसके साथ मौजूद एक व्यक्ति ने खुद को स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप यानी SPG का सदस्य बताया। मामले में एक तीसरा आरोपी भी शामिल बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, खार निवासी 24 वर्षीय रोहन पारेख सोमवार शाम करीब 4:50 बजे दो अन्य लोगों के साथ जियो वर्ल्ड प्लाजा पहुंचा था। आरोप है कि उसने सुरक्षा कर्मचारियों को अपने फोन पर PMO का कथित पहचान पत्र दिखाया और खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय का अधिकारी बताया, जिसके बाद उसे परिसर में प्रवेश मिल गया। उसके साथ मौजूद एक व्यक्ति के पास हथियार होने पर सुरक्षा कर्मियों को संदेह हुआ। पूछताछ में हथियारबंद व्यक्ति ने खुद को SPG का सदस्य बताया था।
इसके बाद दोनों के दावों की जांच कराई गई, जिसमें PMO अधिकारी और SPG सदस्य होने की जानकारी फर्जी पाई गई। पुलिस ने परिसर के प्रवेश द्वार पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें तीनों लोग एक कार से पहुंचते दिखाई दिए। वाहन के नंबर के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। जांच के बाद रोहन पारेख को गिरफ्तार किया गया और उसके साथ मौजूद दिलीप कुंडे को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, दिलीप कुंडे पूर्व सैनिक और पारेख के पिता का बॉडीगार्ड बताया जा रहा है।
पुलिस ने दिलीप कुंडे के पास से एक रिवॉल्वर और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वहीं, तीसरे व्यक्ति प्रतमेश बागुल की तलाश की जा रही है। अदालत ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को 11 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। हालांकि, रोहन पारेख के वकील ने अदालत में दावा किया है कि वह खुद भी कथित धोखाधड़ी का शिकार हो सकता है। वकील के मुताबिक, पारेख को करीब दो साल पहले PMO में नौकरी का प्रस्ताव दिया गया था और उसे कथित तौर पर डिजिटल पहचान पत्र समेत अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराए गए थे।
यह मामला इसलिए भी बेहद गंभीर माना जा रहा है क्योंकि जियो वर्ल्ड प्लाजा उसी परिसर का हिस्सा है, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ग्लोबल फिनटेक फेस्ट के कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपियों ने फर्जी पहचान पत्र कैसे हासिल किए और उनका परिसर में प्रवेश करने का वास्तविक उद्देश्य क्या था। मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है और फरार तीसरे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।