सत्य निकेतन हादसा: कोर्ट ने बिल्डिंग मालिक हरिराम और पत्नी उर्मिला गुप्ता 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (08 September 2026): दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत गिरने के दर्दनाक हादसे में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने इमारत से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने आरोपी हरिराम गुप्ता और उनकी पत्नी उर्मिला गुप्ता को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, हरिराम गुप्ता के बेटे महेश गुप्ता को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया कि इमारत की संपत्ति उर्मिला गुप्ता के नाम पर पंजीकृत थी, बिजली का कनेक्शन हरिराम गुप्ता के नाम पर था, जबकि महेश गुप्ता इमारत में चल रहे पीजी और उसकी देखरेख से जुड़ा हुआ था।
पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर को सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई थी। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस, एनडीआरएफ और अन्य राहत एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया। करीब 12 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया, जिनमें नौ छात्र और तीन मजदूर शामिल थे। राहत एवं बचाव अभियान कई घंटों तक चला और शाम करीब पांच बजे इसे पूरा किया गया। हादसे के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में भी इमारत के ढहने की घटना कैद होने की बात सामने आई है, जिसने इस दर्दनाक हादसे की गंभीरता को और उजागर कर दिया।
इस हादसे में सात लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य घायल लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। एम्स में लाए गए छह लोगों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया गया था, जबकि 30 वर्षीय परम लाल कोरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अस्पताल में भर्ती घायलों में असगर अली, नीरज बावा, आदित्य कुमार और नीतीश चिब शामिल हैं। इनमें तीन लोगों की हालत स्थिर बताई गई है, जबकि एक घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं, कृष्णा नाम के एक व्यक्ति को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
जांच के दौरान इमारत गिरने की वजह को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में भवन से जुड़े लोगों ने बताया कि वहां कुछ निर्माण कार्य चल रहा था। एक मजदूर ने पुलिस को बताया कि बेसमेंट में काम किया जा रहा था, जिसके कारण इमारत के ढहने की आशंका जताई जा रही है। इस बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच कराने और भवन मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। अब पुलिस और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इमारत गिरने के लिए जिम्मेदार लापरवाही किस स्तर पर हुई और क्या निर्माण कार्य या अन्य कारणों ने इस बड़े हादसे को जन्म दिया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।