चित्रकूट में बाढ़ राहत को लेकर सीएम योगी सख्त, मकान-फसलों के नुकसान पर मुआवजे के निर्देश
टेन न्यूज नेटवर्क
Uttar Pradesh News (07/09/2026): अतिवृष्टि से प्रभावित चित्रकूट का दौरा करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों तक हरसंभव मदद जल्द पहुंचाई जाए। फसलों और मकानों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर पात्र लोगों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
मुख्यमंत्री ने पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों के परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना से जोड़ने के निर्देश दिए। वहीं, जिन घरों को आंशिक नुकसान पहुंचा है, उनकी मरम्मत के लिए प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने को कहा। चित्रकूट धाम के प्रभावित व्यापारियों, मठ-मंदिरों और अन्य प्रतिष्ठानों को हुए नुकसान का भी आकलन कर आवश्यक सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं।
राहत व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने प्रभावित इलाकों में 48 घंटे के भीतर राहत किट वितरित कराने पर जोर दिया। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं, साफ पेयजल और स्वच्छता की व्यवस्था लगातार मजबूत रखने के निर्देश दिए। पशुधन की सुरक्षा के लिए गोशालाओं में पर्याप्त चारे की व्यवस्था और पशुओं को लंपी डिजीज से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम करने को भी कहा गया।
मुख्यमंत्री ने मंदाकिनी नदी की स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। नदी के कैचमेंट क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा नदी पर बने फुट ओवर ब्रिज का सुरक्षा ऑडिट कराने को कहा गया। इसके अलावा सीवर और नालों का गंदा पानी किसी भी स्थिति में मंदाकिनी नदी में न जाने पाए, इसके लिए पर्यटन, सिंचाई और नगर विकास विभाग को संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएम योगी ने कहा कि मौजूदा राहत कार्यों के साथ भविष्य में अतिवृष्टि और बाढ़ से होने वाले नुकसान को कम करने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के लिए दीर्घकालिक योजना तैयार करने, मंदाकिनी घाटों के विस्तार की कार्ययोजना बनाने और आपदा से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।