आरा में महानंदा एक्सप्रेस डिरेल, इंजन समेत 3 कोच पटरी से उतरे; कई ट्रेनें प्रभावित

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Bihar News (06 September 2026): बिहार के भोजपुर जिले में रविवार तड़के बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। आरा रेलवे स्टेशन पर अलीपुरद्वार जंक्शन से दिल्ली जा रही 15483 महानंदा एक्सप्रेस अचानक पटरी से उतर गई। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। ट्रेन उस समय आरा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी थी और अपने निर्धारित समय करीब 4:12 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान ट्रेन के गलत दिशा में बढ़ने के बाद हादसा हुआ और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

 

बताया गया कि ट्रेन को आरा से बक्सर की ओर जाना था, लेकिन सिग्नल में तकनीकी गड़बड़ी के कारण ट्रेन सासाराम की दिशा वाली लाइन पर बढ़ गई। स्टेशन से करीब 200 मीटर आगे पश्चिमी ओवरब्रिज के पास ट्रेन के पहिए अचानक पटरी से उतर गए। हादसे के दौरान तेज आवाज सुनाई दी, जिससे ट्रेन में सो रहे यात्रियों में हड़कंप मच गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इंजन, SLR बोगी और एक AC कोच के पहिए पटरी से उतरे। रेलवे की ओर से बाद में स्लीपर कोच के केवल एक पहिए के पटरी से उतरने की भी जानकारी दी गई।

 

हादसे के बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड के मुख्य दिल्ली-हावड़ा रूट पर रेल परिचालन प्रभावित हो गया। अप लाइन बाधित होने के कारण इस रूट से गुजरने वाली कई ट्रेनों पर असर पड़ा। वंदे भारत, विभूति एक्सप्रेस, गांधीधाम, कैपिटल एक्सप्रेस, इंटरसिटी, गरीब रथ, पैसेंजर और उधना एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के परिचालन में व्यवधान की स्थिति बनी। रेलवे की टीमें मौके पर पहुंचीं और ट्रैक को जल्द से जल्द खाली कराने का काम शुरू किया गया।

 

घटना के तुरंत बाद रेलवे कर्मचारियों ने डिरेल हुए हिस्सों को ट्रेन से अलग करने की कार्रवाई शुरू कर दी। इंजन समेत प्रभावित तीन बोगियों को काटकर अलग किया गया, जबकि बाकी कोचों को दूसरे इंजन की मदद से आगे रवाना करने की व्यवस्था की गई। रेलवे के अधिकारी और इंजीनियर मौके पर पहुंचकर पटरी से उतरे पहियों को जैक की मदद से दोबारा पटरी पर चढ़ाने में जुटे रहे। इस दौरान यात्रियों को भी वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए आगे भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।

 

हादसे की सूचना मिलते ही दानापुर रेल मंडल के डीआरएम विनोद कुमार समेत वरिष्ठ रेल इंजीनियरिंग अधिकारी आरा स्टेशन पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे का कहना है कि डिरेल हुए कोचों को हटाने और ट्रैक को दुरुस्त करने के बाद अप लाइन पर परिचालन जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल सिग्नल में तकनीकी गड़बड़ी और ट्रेन के गलत लाइन पर जाने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।