ओवरटेक की होड़ बनी जानलेवा: स्कॉर्पियो सवारों ने LLB छात्र पर की फायरिंग

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (03/09/2026): ग्रेटर नोएडा में ओवरटेक करने को लेकर दो कार सवारों के बीच शुरू हुआ विवाद फायरिंग तक पहुंच गया। आरोप है कि काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार युवकों ने दूसरी कार को निशाना बनाकर गोली चला दी। फायरिंग में कार सवार LLB छात्र के दोनों हाथों में गोली लग गई, जबकि एक गोली कार के अंदर जा धंसी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना 28 अगस्त की रात इकोटेक-3 थाना क्षेत्र के 130 मीटर रोड की है। सुनपुरा गांव निवासी कृष वर्ना अपनी कार से ग्रेटर नोएडा वेस्ट से तिलपता की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गौड़ सिटी मॉल के आगे उनकी कार के साथ एक काले रंग की स्कॉर्पियो चल रही थी। आरोप है कि दोनों वाहनों के बीच करीब पांच किलोमीटर तक आगे निकलने की होड़ चलती रही।

बताया गया है कि राजेश पायलट गोल चक्कर के पास कृष ने स्कॉर्पियो को बाईं ओर से ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान स्कॉर्पियो में सवार युवकों ने कथित तौर पर उनकी कार पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से कृष के दोनों हाथ घायल हो गए, जबकि एक गोली कार के अंदर जा लगी। वारदात के बाद आरोपी स्कॉर्पियो समेत मौके से फरार हो गए।

फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। करीब दो दिन तक इलाज चलने के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

पीड़ित के अनुसार, जिस स्कॉर्पियो से फायरिंग की गई, उस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी और उसकी खिड़कियों पर काली फिल्म लगी हुई थी। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की मदद से संदिग्ध वाहन और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

इकोटेक-3 थाना प्रभारी रणवीर सिंह के मुताबिक, पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात कार सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।