IIA की 35वीं सेंट्रल AGM में MSME उद्यमियों का महासंगम, 1000 से अधिक उद्योग प्रतिनिधियों ने की भागीदारी
टेन न्यूज़ नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा, 1 सितंबर 2026: इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) की 35वीं सेंट्रल एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) का भव्य आयोजन ग्रेटर नोएडा के 130 मीटर रोड स्थित वेडिंग डॉट्स में हुआ। कार्यक्रम में देशभर के विभिन्न IIA चैप्टरों से जुड़े 1000 से अधिक MSME उद्यमियों और उद्योग प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान आत्मनिर्भर भारत, MSME विकास और भविष्य की औद्योगिक चुनौतियों जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आत्मनिर्भर भारत में MSME की भूमिका को बताया अहम
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने देशभर से आए उद्यमियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने में MSME क्षेत्र की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने उद्यमियों की मेहनत और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें नवाचार, गुणवत्ता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा पर अधिक जोर देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले MSME उद्यमियों को सम्मानित भी किया गया।
AGM में पेश हुआ वित्तीय लेखा-जोखा, भविष्य की योजनाओं पर हुई चर्चा
कार्यक्रम का संचालन IIA के जनरल सेक्रेटरी दीपक बजाज ने निर्धारित कार्यसूची के अनुसार किया। IIA के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने सभी अतिथियों और उद्यमियों का स्वागत करते हुए MSME हितों के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई।
वहीं, आलोक अग्रवाल ने IIA की आगामी योजनाओं और भविष्य की रणनीति पर प्रकाश डाला। बैठक में IIA के कोषाध्यक्ष ने पिछले वर्ष का वित्तीय विवरण और लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने ध्वनिमत से पारित कर दिया।

ग्रेटर नोएडा चैप्टर की सबसे मजबूत मौजूदगी
35वीं सेंट्रल AGM में IIA ग्रेटर नोएडा चैप्टर की भागीदारी सबसे अधिक रही। चैप्टर चेयरमैन सरबजीत सिंह ने इसे पूरे चैप्टर के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि ग्रेटर नोएडा में पहली बार IIA की सेंट्रल AGM का आयोजन होना ऐतिहासिक अवसर है।
उन्होंने कहा कि सदस्यों की सक्रिय सहभागिता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और यही MSME से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में मदद करती है।

भविष्य की औद्योगिक चुनौतियों पर राहुल जैन का विशेष संबोधन
कार्यक्रम में राहुल जैन ने बदलते औद्योगिक परिदृश्य, प्रतिस्पर्धी बाजार और व्यवसाय की लाभप्रदता बनाए रखने जैसे विषयों पर प्रेरक संबोधन दिया। उन्होंने उद्यमियों को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप रणनीति बनाने और नवाचार अपनाने की सलाह दी।
उनके संबोधन को उपस्थित उद्यमियों ने काफी सराहा और इसे व्यवसायिक दृष्टि से उपयोगी बताया।

राष्ट्रीय और क्षेत्रीय पदाधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में IIA के राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों, विभिन्न चैप्टरों के चेयरमैन, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में MSME उद्यमियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन के दौरान उद्योग जगत में सहयोग, नवाचार और संगठनात्मक मजबूती पर विशेष जोर दिया गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।