नोएडा को मिलेगा नया फूड और शॉपिंग हब, दो स्ट्रीट मार्केट जल्द होंगे शुरू

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (29/08/2026): शहरवासियों को जल्द ही खुले वातावरण में खाने-पीने और खरीदारी का नया ठिकाना मिलने जा रहा है। नोएडा प्राधिकरण ने बॉटनिकल गार्डन से जीआईपी मॉल के बीच और सेक्टर-18 में विकसित किए गए स्ट्रीट मार्केट को संचालित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दोनों स्थानों पर कुल 34 कियोस्क तैयार किए गए हैं, जिन्हें निजी कंपनी के माध्यम से चलाया जाएगा।

बॉटनिकल गार्डन और जीआईपी मॉल के बीच 19 कियोस्क बनाए गए हैं, जबकि सेक्टर-18 में 15 कियोस्क विकसित किए गए हैं। इन जगहों पर मुख्य रूप से खान-पान से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना है। मार्केट शुरू होने के बाद लोग परिवार और दोस्तों के साथ यहां बैठकर खाने-पीने के साथ खरीदारी और घूमने का आनंद ले सकेंगे।

कियोस्क के संचालन के लिए प्राधिकरण ने कंपनियों से आवेदन मांगे हैं। इच्छुक कंपनियां 17 सितंबर तक अपनी निविदा जमा कर सकती हैं। इसके बाद निर्धारित नियम और शर्तों के आधार पर कंपनी का चयन किया जाएगा। प्राधिकरण ऐसी कंपनी को प्राथमिकता देने की तैयारी में है, जो बेहतर तरीके से बाजार का संचालन करने के साथ प्राधिकरण को अधिक राजस्व भी उपलब्ध करा सके।

इन स्ट्रीट मार्केट को इंदौर के प्रसिद्ध 56 मार्केट की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। यहां अलग-अलग तरह के खान-पान के विकल्प उपलब्ध कराने के साथ लोगों के बैठने और घूमने के लिए सुविधाजनक माहौल तैयार किया जाएगा। प्राधिकरण को उम्मीद है कि खासकर शाम के समय ये स्थान युवाओं और परिवारों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकते हैं।

स्ट्रीट मार्केट आने वाले लोगों की पार्किंग को ध्यान में रखते हुए 100 से अधिक वाहनों के लिए सरफेस पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इससे सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग और जाम जैसी समस्या को कम करने में मदद मिलेगी। दोनों परियोजनाओं के निर्माण पर करीब 2 करोड़ 23 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इससे पहले कियोस्क संचालन के लिए तीन बार टेंडर जारी किए जा चुके हैं, लेकिन कंपनियों के आवेदन नहीं आने से प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी थी। अब नए सिरे से शुरू की गई प्रक्रिया के बाद इनके जल्द चालू होने की उम्मीद है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।